1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI मैच हो सकते हैं छोटे, ICC नई ग्लोबल T20 लीग पर कर रहा विचार, WTC में बढ़ सकती हैं टीमें

ODI मैच हो सकते हैं छोटे, ICC नई ग्लोबल T20 लीग पर कर रहा विचार, WTC में बढ़ सकती हैं टीमें

ICC क्रिकेट में बड़े बदलाव करने की तैयारी में है। ODI क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने के लिए ICC फॉर्मेट को छोटा करने पर विचार कर रही है।

ICC- India TV Hindi
Image Source : AFP रोहित और विराट

क्रिकेट की तस्वीर आने वाले सालों में पूरी तरह बदल सकती है। ICC क्रिकेट कैलेंडर में बड़े बदलावों पर गंभीरता से विचार कर रही है। अगर ये प्रस्ताव लागू होते हैं तो ODI क्रिकेट पहले से छोटा हो सकता है। साथ ही दुनिया भर की फ्रेंचाइजी टीमों के लिए नई T20 प्रतियोगिता शुरू हो सकती है। वहीं, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC का दायरा भी बढ़ाया जा सकता है।

क्रिकेट में बड़े बदलाव की प्लानिंग

द गार्डियन की रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन प्रस्तावों पर स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में होने वाली ICC की सालाना जनरल मीटिंग में चर्चा की जाएगी। इस मीटिंग में ICC के सभी 12 फुल नेशन के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि यह पूरा खाका ICC द्वारा कराई जा रही स्ट्रैटेजिक रिव्यू का हिस्सा है, जिसे अमेरिकी कंसल्टिंग कंपनी मैकिंजी तैयार कर रही है। इसका उद्देश्य क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट टेस्ट, ODI और T20 का भविष्य मजबूत करना है।

रिपोर्ट के अनुसार, सबसे बड़ा प्रस्ताव ODI क्रिकेट से जुड़ा है। ICC इस फॉर्मेट की अवधि कम करने पर विचार कर रही है ताकि मुकाबले अधिक तेज, रोमांचक और दर्शकों के लिए आकर्षक बन सकें। पिछले कुछ सालों में T20 क्रिकेट की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है, जबकि द्विपक्षीय ODI सीरीज को पहले जैसी दर्शक संख्या नहीं मिल रही है। ऐसे में ODI फॉर्मेट के भविष्य को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भविष्य में ODI क्रिकेट को केवल 50 ओवर के वर्ल्ड कप से पहले लगभग 18 महीनों के दौरान ही अधिक प्राथमिकता दी जा सकती है। यानी वर्ल्ड कप के बीच के सालों में ODI मुकाबलों की संख्या काफी कम हो सकती है।

नई ग्लोबल फ्रेंचाइजी T20 प्रतियोगिता होगी स्टार्ट?

ICC एक नई ग्लोबल फ्रेंचाइजी T20 प्रतियोगिता शुरू करने पर भी विचार कर रही है। यह टूर्नामेंट कभी आयोजित होने वाली चैंपियंस लीग T20 की तर्ज पर हो सकता है, जिसमें अलग-अलग देशों की प्रमुख T20 लीगों की सर्वश्रेष्ठ फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इसके अलावा एशिया कप जैसे महाद्वीपीय टूर्नामेंटों की संख्या बढ़ाने और टेस्ट, ODI और T20 के लिए अलग-अलग तय विंडो निर्धारित करने का प्रस्ताव भी चर्चा में है।

हाल के सालों में क्रिकेट कई नए देशों तक पहुंचा है, लेकिन इन देशों में खेल की आर्थिक मजबूती और नियमित इंटरनेशनल मुकाबलों की चुनौती अब भी बनी हुई है। ऐसे में ICC ऐसे बदलावों पर विचार कर रही है, जिनसे क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर और मजबूत बनाया जा सके। खासतौर पर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को देखते हुए छोटे फॉर्मेट को अधिक व्यावहारिक माना जा रहा है।

WTC में बढ़ेंगी टीमें

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप को भी विस्तार देने की योजना पर विचार हो रहा है। 2027-29 चक्र से इसमें टीमों की संख्या बढ़ाकर 12 की जा सकती है। इस स्थिति में आयरलैंड, जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान को भी WTC में शामिल होने का मौका मिल सकता है। हालांकि, इन सभी प्रस्तावों पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। यदि इन्हें मंजूरी मिलती है, तो अधिकांश बदलाव मौजूदा इंटरनेशनल शेड्यूल समाप्त होने के बाद चरणबद्ध तरीके से लागू किए जाएंगे और क्रिकेट में बड़े बदलाव 2031 के बाद देखने को मिल सकते हैं।

यह भी पढ़ें:

फ्रेंचाइजी क्रिकेट के बढ़ते दबदबे से ICC चिंतित, इंटरनेशनल क्रिकेट को बचाने के लिए उठाया बड़ा कदम

खराब रोशनी की वजह से अब नहीं रुकेगा मैच! ICC के एक नए नियम से बढ़ जाएगा टेस्ट क्रिकेट का रोमांच

Latest Cricket News