ICC ODI Rankings: भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें एक बार फिर से टकराने की तैयारी में है। लंबा सफर तय करने के बाद शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया पर्थ पहुंच चुकी है, जहां वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। पहला मैच आप जानते ही हैं कि 19 अक्टूबर दिन रविवार को खेला जाएगा। लेकिन इससे पहले एक नजर इस बात पर जरूर डाल लीजिए कि इस सीरीज से पहले दोनों टीमों की आईसीसी रैंकिंग क्या है। साथ ही सीरीज के बाद क्या इसमें कोई बहुत बड़ा बदलाव आएगा।
आईसीसी वनडे रैंकिंग में टीम इंडिया पहले नंबर पर काबिज
आईसीसी ने 14 अक्टूबर तक की वनडे रैंकिंग अपडेट की हुई है। इसके अनुसार अगर भारत की रैंकिंग और रेटिंग की बात की जाए तो वो काफी अच्छी है। भारतीय टीम इस वक्त 124 की रेटिंग के साथ पहले नंबर की कुर्सी पर काबिज है। हालांकि भारत ने इसी साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था, उसके बाद से कोई वनडे मैच नहीं खेला है। बाकी टीमें बीच बीच में मैच खेलती रहींं, लेकिन भारत की सेहत पर इसका कोई भी असर नहीं हुआ।
ऑस्ट्रेलियाई टीम आईसीसी वनडे रैंकिंग में तीसरे नंबर पर
अब बात करते हैं ऑस्ट्रेलियाई टीम की। ऑस्ट्रेलिया की टीम इस वक्त आईसीसी वनडे रैंकिंग में तीसरे नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया की रेटिंग 106 की है। इसके बीच यानी दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की टीम बनी हुई है, जिसकी रेटिंग 109 की है। अगर आप अंकों की ओर गौर करें तो पता चलेगा कि भारत की रेटिंग इतनी ज्यादा है कि उसे हाल फिलहाल कोई भी दूसरी टीम पीछे नहीं कर पाएगी। हां, इतना जरूर है कि अगर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज जीत ली तो वो न्यूजीलैंड को पीछे कर दूसरे नंबर पर पहुंच जाएगी। लेकिन अगर कहीं ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा तो उसे और भी नीचे जाने का खतरा भी है।
काफी रोचक होगी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच की ये सीरीज
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें जब भी एक दूसरे के सामने आती हैं तो सभी की नजर इस पर होती है, चाहे वो कोई भी फॉर्मेट हो। इस बार तो रोहित और कोहली के कारण और भी लोग इसे पूरी शिद्दत के साथ देखेंगे। हो सकता है कि इसी सीरीज से तय हो कि कोहली और रोहित शर्मा आने वाले कितने और साल वनडे क्रिकेट खेल सकते हैं। कुल मिलाकर भले ही ये पहले और दूसरे नंबर की वनडे टीम के बीच भले ही मुकाबला ना हो, लेकिन इससे किसी भी महामुकाबले से कम करके नहीं आंका जा सकता।
यह भी पढ़ें
IND vs AUS: कितने बजे शुरू होंगे भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया वनडे मुकाबले, नोट कर लीजिए टाइम, नहीं तो छूट जाएगा मैच
IND vs AUS ODI H2H: भारत के लिए आसान नहीं है ऑस्ट्रेलिया की चुनौती, अब तक जीते हैं इतने मुकाबले
Latest Cricket News