1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बेन डकेट ने आईसीसी रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग, शे होप को भी जबरदस्त फायदा

बेन डकेट ने आईसीसी रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग, शे होप को भी जबरदस्त फायदा

आईसीसी की ओर से जारी की गई नई टी20 रैंकिंग में बेन डकेट के साथ साथ शे होप का भी खूब फायदा हुआ है, उन्होंने लंबी छलांग मारी है।

Ben Duckett- India TV Hindi
Image Source : GETTY बेन डकेट

ICC T20 Rankings: आईसीसी की ओर से जारी की गई ताजा रैंकिंग में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने बहुत लंबी छलांग मारी है। वहीं दूसरी ओर वेस्टइंडीज के शे होप को भी जबरदस्त फायदा मिला है। वैसे तो अभी तक ये दोनों खिलाड़ी टॉप 10 से दूर हैं, लेकिन पिछली सीरीज में जिस तरह का प्रदर्शन इन्होंने किया है, उससे टॉप 10 के काफी करीब जरूर पहुंच गए हैं। 

इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज का किया पूरी तरह से सफाया

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज में इंग्लैंड ने मेजबानी टीम का पूरी तरह से सफाया कर दिया है। टीम ने तीन मैचों की सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया है। इससे पहले जब इन दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैच हुए थे, उसमें भी ऐसा ही हाल हुआ था। यानी वेस्टइंडीज की टीम इंग्लैंड में छह मैच खेलकर भी एक भी मुकाबला जीत नहीं पाई और हार बार उसे मुंह की खानी पड़ी। 

बेन डकेट ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में लगाई 48 स्थानों की छलांग

इस बीच इंग्लैंड के बेन डकेट ने कमाल का खेल दिखाया था। इसी का असर है कि बेन डकेट ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में 48 स्थानों की लंबी छलांग मारी है। वे टॉप 50 से भी बाहर थे, लेकिन अब सीधे नंबर 16 पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में वे केवल एक ही रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद दूसरे मुकाबले में उन्होंने 30 रन बनाने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद तीसरे मैच में तो उन्होंने विस्फोटक अंदाज में 84 रन ठोक दिए। आखिरी पारी की बदौलत ही वे आईसीसी टी20 रैंकिंग में खास उछाल पाने में सफल रहे। 

शे होप को भी मिला रैंकिंग में फायदा

अब बात शे होप की करते हैं। वैसे तो उनकी टीम वेस्टइंडीज सीरीज का एक भी मैच नहीं जीत पाई, लेकिन फिर भी शे होप अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब रहे। शे होप टी20 सीरीज के पहले मैच में केवल तीन ही रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्होंने 49 रनों की शानदार पारी खेली। तीसरे मैच में भी उनके बल्ले से 45 रनों की पारी आई। वे दो बार अर्धशतक के करीब तक पहुंचे, लेकिन उसे पूरा नहीं कर पाए। अगर अर्धशतक पूरा हो जाता तो उन्हें और भी ज्यादा फायदा आईसीसी रैंकिंग में मिल सकता था। 

Latest Cricket News