ICC ODDI Rankings: भारतीय स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने अपने शानदार प्रदर्शन से महिला वनडे क्रिकेट में नंबर-1 बल्लेबाज के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 109 रन और बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 34 रन की पारी खेलने के बाद मंधाना ने ICC महिला ODI रैंकिंग में करियर की सर्वश्रेष्ठ 828 रेटिंग हासिल कर ली है। इस बेहतरीन प्रदर्शन के चलते मंधाना अब दूसरे स्थान पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया की एशले गार्डनर (731 रेटिंग) से लगभग 100 पॉइंट की बढ़त बनाए हुए हैं। गार्डनर ने इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़ने के बाद रैंकिंग में 6 स्थानों की लंबी छलांग लगाई है।
मंधाना के लिए यह वर्ल्ड कप अब तक किसी सपने से कम नहीं रहा। इससे पहले उन्हें सितंबर 2025 के लिए ICC महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब भी जीता था। साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट दो स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं। इंग्लैंड की एमी जोन्स 4 स्थान की छलांग लगाकर नौवें स्थान (656 रेटिंग) पर पहुंच गई हैं।
इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट और ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी को 2-2 स्थान का नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली 3 पायदान लुढ़ककर छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन एक पायदान के नुकसान के बाद 7वें स्थान पर खिसक गई हैं।
गेंदबाजी में सोफी एक्लेस्टोन का जलवा बरकरार
गेंदबाजी में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 747 रेटिंग के साथ शीर्ष स्थान पर कायम हैं। हालांकि अब उनके पीछे नई चुनौती खड़ी हुई है। ये खिलाड़ी हैं ऑस्ट्रेलिया की लेग स्पिनर अलाना किंग, जिन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 7 विकेट लेकर पांच स्थान की छलांग लगाई और अब अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 698 रेटिंग हासिल कर ली है।
गार्डनर एक स्थान नीचे तीसरे नंबर (689) पर खिसक गई हैं। तेज गेंदबाज मरिजाने कैप और एनाबेल सदरलैंड भी एक-एक स्थान की छलांग लगाकर क्रमशः चौथे और सातवें नंबर पर पहुंची हैं। किम गार्थ 3 पायदान नीचे खिसककर 8वें नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, पाकिस्तान की नाशरा संधू 10वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जहां वे साउथ अफ्रीका की नॉन्कुलुलेको म्लाबा (610) के साथ संयुक्त रूप से हैं।
एशले गार्डनर नंबर-1 ऑलराउंडर
एशले गार्डनर 503 रेटिंग के साथ ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर बनी हुई हैं। उनके पीछे अब साउथ अफ्रीका की मरिजाने कैप 422 रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं, जिन्होंने वेस्टइंडीज की हैली मैथ्यूज को पीछे छोड़ दिया है। सदरलैंड चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि उनकी साथी खिलाड़ी अलाना किंग टॉप-10 में जगह बनाते हुए तीन स्थान ऊपर चढ़कर 10वें नंबर पर आ गई हैं।
यह भी पढ़ें:
श्रेयस अय्यर को लेकर आया बड़ा अपडेट, ICU से आए बाहर, भारत लौटने में हो सकती है देरी
IND vs AUS: तिलक वर्मा पहले ही मैच में हासिल कर सकते हैं बड़ा मुकाम, सूर्यकुमार की कर लेंगे बराबरी
Latest Cricket News