ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में आगाज होने जा रहा है। ऐसे में भारत समेत 12 टीमें इंग्लैंड में अपना डेरा डाल चुकी है। वर्ल्ड कप का आगाज होने में अब सिर्फ चंद दिन बचे हैं। इससे पहले सभी कप्तान मीडिया से मुखातिब हुईं। इस दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर एक जर्नलिस्ट के एक सवाल पर भड़क गईं। दरअसल, जब एक रिपोर्टर ने उनके रिटायरमेंट को लेकर सवाल पूछा तो हरमनप्रीत ने मुस्कुराते हुए ऐसा करारा जवाब दिया कि पूरे हॉल में एक पल के लिए सन्नाटा छा गया और फिर ठहाके से गूंज उठा। रिटायरमेंट को लेकर जब सवाल पूछा गया, तो भारतीय कप्तान ने उल्टा रिपोर्टर पर ही सवाल कर दिया।
रिटायरमेंट पर दिया करारा जवाब
भारतीय महिला टीम एक बार फिर T20 वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरने जा रही है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सभी टीमों के कप्तानों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें हरमनप्रीत कौर भी शामिल हुईं। भारत को अपने अभियान से पहले वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ वॉर्म-अप मुकाबले खेलने हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक जर्नलिस्ट ने हरमनप्रीत से पूछा कि क्या ये उनका आखिरी वर्ल्ड कप होने जा रहा है। इस सवाल पर भारतीय कप्तान ने हल्की मुस्कान के साथ जवाब दिया कि क्यों? हरमनप्रीत का यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
इसके बाद जब जर्नलिस्ट ने कहा कि वह सिर्फ जानकारी लेना चाह रहे थे, तब हरमनप्रीत ने अपने अंदाज में फिर पलटवार करते हुए कहा कि क्या आपको लगता है कि उन्हें रुक जाना चाहिए? इस पर पत्रकार ने कहा कि नहीं, बिल्कुल नहीं। इसके जवाब में हरमनप्रीत ने पत्रकार से कहा कि तो फिर, आप यह सवाल क्यों पूछ रहे हैं? इस दौरान कुछ देर के लिए माहौल थोड़ा गर्म हो गया, लेकिन हरमनप्रीत के करारे जवाब सुनकर सभी लोग हंसने लगे।
महिला क्रिकेट में हुआ बड़ा बदलाव
हरमनप्रीत ने T20 वर्ल्ड कप से महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि पिछले साल टीम इंडिया की सफलता के बाद देश में महिला क्रिकेट को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। हरमनप्रीत ने कहा कि हमने पिछले वर्ल्ड कप के बाद बड़ा बदलाव देखा। अब काफी लड़कियां क्रिकेट खेलने के लिए आगे आ रही हैं। जब टीम अच्छा प्रदर्शन करती है तो बहुत कुछ बदलता है। उम्मीद है कि हम इस बार भी अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगे और महिला क्रिकेट पर सकारात्मक असर डालेंगे।
यह भी पढ़ें
मानव सुथार ने इंटरनेशनल डेब्यू में किया अनोखा कारनामा, अब तक 10 भारतीय बॉलर ही कर पाए हैं ये कमाल
मानव सुथार के लिए मीलों का सफर तय कर मुल्लांपुर पहुंचे पिता, लेकिन नहीं बन सके ऐतिहासिक पल के गवाह
Latest Cricket News