IND vs AUS 1st T20I Match : टीम इंडिया आज ऑस्ट्रेलिया से मुकाबले के लिए मैदान में उतरने जा रही है। तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का पहला मैच आज पंजाब के मोहाली में है। उधर कराची में पाकिस्तानी टीम का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच सात टी20 मैचों की सीरीज भी आज से ही शुरू हो रही है। इस बीच अगर टीम इंडिया आज का मैच जीत लेती है तो उसे दोहरा फायदा होगा। वहीं पाकिस्तानी टीम की हार से उसे भारी नुकसान हो सकता है।
Image Source : ptiRohit Sharma
एक साल में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच जीतने वाली टीम है पाकिस्तान
टी20 इंटरनेशनल मैचों में एक साल में सबसे ज्यादा जीत की बात की जाए तो ये रिकॉर्ड इस वक्त पाकिस्तान के पास है। पाकिस्तान ने 2021 में 20 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते थे। वहीं टीम इंडिया इस साल यानी 2022 में अब तक 19 टी20 इंटरनेशनल मैच जीत चुकी है। अगर भारतीय टीम आज का मैच जीत जाती है तो वो पाकिस्तान की बराबरी कर लेगी, क्योंकि उसकी भी एक साल में 20 जीत हो जाएंगी। इसके बाद टीम इंडिया अगर सीरीज का दूसरा मैच जो 23 सितंबर को नागपुर में खेला जाएगा, उसे भी जीत लेती है तो पाकिस्तान को पीछे भी छोड़ देगी। हालांकि टीम इंडिया के पास एक और मौका भी होगा, जब 25 सितंबर को इसी सीरीज का आखिरी मैच हैदराबाद में खेला जाएगा, लेकिन भारतीय टीम कोशिश करेगी कि पहला और दूसरा मैच जीतकर पाकिस्तान के रिकॉर्ड को तोड़ जाए और आखिरी मैच जीतकर लीड बनाई जाए।
Image Source : Getty ImagesPakistan Cricket Team
इस साल टीम इंडिया ने टी20 में किया है शानदार प्रदर्शन
भारतीय टीम भले इस साल खेले गए एशिया कप 2022 के फाइनल तक अपनी जगह नहीं बना पाई हो, लेकिन इस साल टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। साल की शुरुआत में ही टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को तीन लगातार टी20 इंटरनेशनल मैचों में हराया था। इसके बाद श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका को भी मात दी। टीम इंडिया की जीत का सिलसिला यहीं पर नहीं रुका, भारत ने इसके बाद आयरलैंड और इंग्लैंड को भी हराया। वेस्टइंडीज को उसके घर में हराने के बाद भारत ने एशिया कप में पाकिस्तान और फिर हांगकांग को हराया। हालांकि भारतीय टीम सुपर 4 में पाकिस्तान और उसके बाद श्रीलंका से हार गई थी, इसलिए उसका फाइनल में जाने और एक बार फिर से एशिया कप जीतने का सपना पूरा नहीं हो पाया था। लेकिन अब भारतीय टीम की नजर टी20 विश्व कप 2022 पर है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही सीरीज इस की तैयारी का एक हिस्सा है। भारतीय टीम इस सीरीज को जीतकर और उसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज जीतकर टी20विश्व कप में नए उत्साह और आत्मविश्वास के साथ जाना चाहेेगी।
Latest Cricket News