IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ तीसरे और आखिरी ODI और T20I सीरीज के लिए अपने स्क्वॉड में कई बदलावों की घोषणा की है। न्यू साउथ वेल्स (NSW) के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। उन्हें सिडनी में होने वाले तीसरे ODI के लिए टीम में शामिल किया गया है। वहीं, ग्लेन मैक्सवेल और बेन ड्वार्शुइस की फिटनेस रिपोर्ट ठीक आने के बाद वे भारत के खिलाफ आगामी T20I सीरीज के आखिरी चरण में वापसी करेंगे। इसके अलावा, वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन को भी T20I टीम में बुलावा मिला है।
बियर्डमैन को मिला मौका
20 साल के महली बियर्डमैन को आखिरी तीन T20 मैचों के लिए टीम में चुना गया है। पूर्व अंडर-19 तेज गेंदबाज ने हाल ही में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया और पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने बिग बैश लीग के अपने दूसरे मैच में 3 विकेट लिए थे और लिस्ट-ए में सिर्फ चार मैचों में 12 विकेट झटके हैं।
एडवर्ड्स को मिला शानदार प्रदर्शन का तोहफा
जैक एडवर्ड्स का सिलेक्शन हाल ही में भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलिया ए टीम के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद हुआ। उन्होंने लखनऊ में चार दिवसीय मैच में 88 रन बनाए और कानपुर में ODI सीरीज के दौरान 4/56 और 89 रनों की पारी खेली थी।
ऑस्ट्रेलियाई टीम में कई फेरबदल
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 24 अक्टूबर को बदलावों की पुष्टि की। मार्नस लाबुशेन को तीसरे ODI से पहले रिलीज कर दिया गया है ताकि वे 28 अक्टूबर से गाबा में शुरू हो रहे शेफील्ड शील्ड मुकाबले के लिए क्वींसलैंड टीम से जुड़ सकें। जोश हेजलवुड और सीन एबॉट भारत के खिलाफ T20I सीरीज के अंत में नहीं खेलेंगे। दोनों खिलाड़ी 10 नवंबर से एससीजी में शुरू हो रहे शील्ड मैच में NSW के लिए उतरेंगे। हेजलवुड केवल पहले दो T20I मैच खेलेंगे, जबकि एबॉट तीसरे T20I (होबार्ट) के बाद टीम से हट जाएंगे।
कुहनेमैन की हो गई वापसी
स्पिनर मैथ्यू कुहनेमैन, जिन्होंने पर्थ में पहला ODI खेला था, को सिडनी ODI के लिए फिर से टीम में बुलाया गया है। विकेटकीपर जॉश फिलिप को भी T20 टीम में शामिल किया गया है, क्योंकि जॉश इंगलिस अभी तक पिंडली की चोट से पूरी तरह नहीं उबरे हैं।
ग्लेन मैक्सवेल को न्यूजीलैंड दौरे के दौरान नेट्स में कलाई फ्रैक्चर होने के कारण शुरुआती दो T20I से बाहर रखा गया था, लेकिन अब वे आखिरी तीन मैचों के लिए लौटेंगे। वहीं, बेन ड्वार्शुइस काफ इंजरी के कारण ODI सीरीज और पहले तीन T20I मैचों से बाहर हो गए थे, लेकिन उन्हें क्वींसलैंड में चौथे और पांचवें T20I मैच के लिए टीम में शामिल किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड
भारत के खिलाफ तीसरे ODI के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कूपर कॉनॉली, जैक एडवर्ड्स, नाथन एलिस, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जॉश इंगलिस (विकेटकीपर), मैथ्यू कूनेमन, मिचेल ओवेन, जॉश फिलिप (विकेटकीपर), मैट रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा।
भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का T20I स्क्वॉड: मिचेल मार्श (कप्तान), सीनन एबॉट (पहले तीन मैच), जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन (आखिरी तीन मैच), टिम डेविड, बेन ड्वार्शुइस (आखिरी दो मैच), नाथन एलिस, जोश हेजलवुड (पहले दो मैच), ट्रैविस हेड, जॉश इंगलिस (विकेटकीपर), मैथ्यू कूनेमन, मिचेल ओवेन, जॉश फिलिप (विकेटकीपर), मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जाम्पा।
Latest Cricket News