1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने मारी बाजी, बांग्लादेश को हराकर फाइनल में बनाई जगह

एशिया कप सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने मारी बाजी, बांग्लादेश को हराकर फाइनल में बनाई जगह

भारत और बांग्लादेश की महिला टीमें एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में आमने-सामने हुईं। ग्रुप स्टेज में दमदार प्रदर्शन करने वाली हरमनप्रीत कौर की टीम सेमीफाइनल में भी जीत हासिल करने में सफल रही।

IND vs BAN- India TV Hindi
Image Source : AFP भारत बनाम बांग्लादेश

ACC एशिया कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 40 रनों से हराया। बांग्लादेश की टीम ने सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर 149 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा ने सबसे ज्यादा 64 रनों की पारी खेली। उन्होंने 40 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 3 छक्के लगाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 24 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से सुल्ताना खातून ने 2 विकेट अपने नाम किए। भारत के 149 रनों के जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 109 रन ही बना सकी। भारत की ओर से स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने 3 बल्लेबाजों का शिकार किया।

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने ग्रुप ए में अपने तीनों मुकाबले जीतकर 6 पॉइंट के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था, जबकि बांग्लादेश ग्रुप बी में दूसरे पायदान पर रहा। भारत ने ग्रुप चरण में थाईलैंड, हांगकांग और पाकिस्तान को शिकस्त दी। तीनों मुकाबलों में जीत के साथ टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

दूसरी ओर, बांग्लादेश ने टूर्नामेंट की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ 71 रन की बड़ी जीत से की थी। हालांकि, दूसरे मुकाबले में उसे श्रीलंका के हाथों चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद बांग्लादेश ने शानदार वापसी की और UAE के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबले में सिर्फ 103 रन का स्कोर बचा लिया। बांग्लादेश ने 20 ओवर में 103 रन बनाए थे, जिसके जवाब में UAE की टीम 69 रन पर 9 विकेट ही बना सकी। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने ग्रुप बी में दूसरा स्थान हासिल कर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया। हालांकि, यहां टीम इंडिया से हारकर फाइनल में जाने से चूक गई।

 

Latest Cricket News

Live updates : IND vs BAN Asia Cup 2026 Semi Final Live

  • 11:10 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    फाइनल में पहुंची टीम इंडिया

    टीम इंडिया की धमाकेदार जीत। बांग्लादेश को 40 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। यह लगातार 10वीं बार है, जब भारतीय महिला टीम ने एशिया कप के खिताबी मुकाबले में एंट्री मारी है।

  • 11:03 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    बांग्लादेश 100 रन के पार

    19वें ओवर में बांग्लादेश ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। हालांकि, जीत से टीम अभी भी काफी दूर है। बांग्लादेश की हार अब लगभग पक्की हो गई है।

  • 10:56 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    आधी टीम आउट

    बांग्लादेश ने 16वें ओवर में 5वां विकेट भी खो दिया है। दीप्ति शर्मा ने ओवर की 5वीं गेंद पर शर्मिन अख्तर को बोल्ड किया। यहां से टीम इंडिया की जीत की उम्मीदें मजबूत होती नजर आ रही हैं।

  • 10:48 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    4 विकेट डाउन

    बांग्लादेश को बैक टू बैक ओवर में 2 बड़े झटके लग गए हैं। बांग्लादेश को अब तक 4 विकेट का नुकसान हो गया है। 

  • 10:32 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    10 ओवर समाप्त

    बांग्लादेश ने 10 ओवर में 2 विकेट खोकर 46 रन बनाए हैं। बांग्लादेश को जीत के लिए अभी भी 10 ओवर में 104 रनों की दरकार है। निगार और शोभना क्रीज पर डटी हुई है।

  • 10:21 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    3 ओवर के भीतर 2 विकेट गिरे

    8 ओवर खत्म होते-होते बांग्लादेश के 2 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए हैं। छठे ओवर में सबसे पहले जुवैरिया फिरदौस पवेलियन लौटी। इसके बाद 8वें ओवर की 5वीं गेंद पर दिलारा अख्तर को दीप्ति शर्मा ने अपना शिकार बनाया।

  • 10:00 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    टीम इंडिया को पहले विकेट की तलाश

    बांग्लादेश की टीम 150 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही है। टीम ने बिना कोई विकेट खोए 3 ओवर में 18 रन जड़ दिए हैं। भारत को जल्द से जल्द पहले विकेट की तलाश है।

  • 9:32 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    टीम इंडिया ने दिया 150 रनों का लक्ष्य

    भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 149 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। बांग्लादेश को जीत के लिए 120 गेंदों में 150 रन बनाने होंगे।

  • 9:31 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    5वां विकेट गिरा

    दीप्ति शर्मा आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में पवेलियन लौट गईं हैं। उन्होंने 6 गेंदों में 13 रनों का योगदान दिया। इस तरह आधी टीम पवेलियन लौट गई हैं।

  • 9:27 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    चौथा झटका लगा

    ऋचा घोष भी पवेलियन लौट गई हैं। उन्होंने 16 गेंदो में 21 रनों का योगदान दिया। इस तरह भारत को चौथा बड़ा झटका लग गया है।

  • 9:19 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    100 रन के पार टीम इंडिया

    टीम इंडिया ने 16वें ओवर में 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और ऋचा घोष पारी को संभालने में लगी हैं। 

  • 9:17 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    शैफाली वर्मा आउट

    शैफाली वर्मा 14वें ओवर में आउट होकर पवेलियन लौट गईं। शैफाली ने 40 गेंदों पर 64 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के जड़े।

  • 8:55 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    शैफाली वर्मा ने ठोकी फिफ्टी

    शैफाली वर्मा ने 35 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत दूसरे छोर पर उनका बखूबी साथ दे रही हैं।

  • 8:45 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    10 ओवर समाप्त

    10 ओवर की समाप्ति तक टीम इंडिया ने 2 विकेट खोकर 59 रन बना लिए हैं। कप्तान हरमनप्रीत 0 जबकि शैफाली वर्मा 27 गेंदों में 34 रन बनाकर खेल रही हैं। भारत का रन रेट अभी तक काफी धीमा रहा है।

  • 8:37 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    भारत को दूसरा झटका लगा

    प्रतिका रावल आउट होकर पवेलियन लौट गई हैं। प्रतिका ने सिर्फ 20 रनों का योगदान दिया। उन्होंने 24 गेंदों का सामना करते हुए 1 चौका और 1 छक्का लगाया।

  • 8:35 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    टीम इंडिया का स्कोर 50 के पार

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 8 ओवर में 50 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। अच्छी बात ये है कि अब तक सिर्फ एक ही विकेट गिरा है। रावल और शैफाली अर्धशतकीय साझेदारी के काफी करीब पहुंच गई हैं।

  • 8:21 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    4 ओवर में 34 रन

    4 ओवर की समाप्ति तक टीम इंडिया ने 1 विकेट खोकर 34 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए हैं। प्रतिका रावल और शैफाली वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं। बांग्लादेश को दूसरे विकेट की तलाश है।

  • 8:11 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    पहला झटका

    स्मृति मंधाना सस्ते में पवेलियन लौट गई हैं। दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर सुल्ताना खातून ने मंधाना को आउट करते हुए पहला झटका भारतीय टीम को दे दिया है। मंधाना सिर्फ 2 रन बना सकी।

  • 8:07 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    भारतीय पारी का आगाज

    शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी भारतीय पारी का आगाज करने के लिए मैदान में उतर चुकी है। बांग्लादेश को जल्द से जल्द पहले विकेट की तलाश है।

  • 7:52 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    पावरप्ले होगा अहम

    आज दोनों टीमें अपनी पुरानी लाइनअप के साथ ही खेल रही हैं। टॉस एकदम सही रहा और दोनों कप्तानों को वही मिला जो वे शुरू से चाहते थे। शुरुआती 6 ओवर बहुत अहम होंगे। इस पावरप्ले में दोनों टीमें कैसा खेलती हैं, इससे तय हो सकता है कि मैच कौन जीतेगा।

  • 7:38 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    भारत की प्लेइंग XI

    शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा।

  • 7:37 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    बांग्लादेश की प्लेइंग XI

    दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस, शोभना मोस्टोरी, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शर्मिन अख्तर, शोर्ना अख्तर, फाहिमा खातून, नाहिदा अख्तर, राबेया खान, सुल्ताना खातून, मारुफा अख्तर।

  • 7:37 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    कोई बदलाव नहीं

    हरमनप्रीत कौर ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। बांग्लादेश की टीम भी बिना बदलाव के उतर रही है।

  • 7:33 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    भारत की पहले बल्लेबाजी

    बांग्लादेश ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया है। बांग्लादेशी गेंदबाजों के सामने आज भारतीय बल्लेबाजों को रोकने की कड़ी चुनौती होगी।

  • 7:25 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    स्मृति मंधाना इतिहास रचने के करीब

    स्मृति मंधाना पिछले दो हफ़्तों से लगातार रिकॉर्ड बना रही हैं और बांग्लादेश के खिलाफ बाएं हाथ की यह बल्लेबाज एक और उपलब्धि अपने नाम कर सकती हैं। स्मृति को सूजी बेट्स से आगे निकलकर महिला T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनने के लिए 68 और रनों की जरूरत है। फिलहाल बेट्स 4758 रनों के साथ इस लिस्ट में सबसे आगे हैं।

  • 7:24 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    हेड टू हेड रिकॉर्ड

    T20I में दोनों टीमों के बीच आमने-सामने के रिकॉर्ड की बात करें, तो आंकड़े भारत के पक्ष में नजर आते हैं। 24 मैचों में भारत ने 21 बार जीत हासिल की है, जबकि बांग्लादेश सिर्फ तीन बार ही जीत पाया है।

  • 6:50 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    भारत और बांग्लादेश आमने-सामने

    ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 के नॉकआउट स्टेज का आज यानी 10 सितंबर से आगाज होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में भारत और बांग्लादेश का आमना-सामना होने जा रहा है।