1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय महिला टीम के लिए करो या मरो की स्थिति, बांग्लादेश के खिलाफ ऐसा रहा है T20I में रिकॉर्ड

भारतीय महिला टीम के लिए करो या मरो की स्थिति, बांग्लादेश के खिलाफ ऐसा रहा है T20I में रिकॉर्ड

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को ग्रुप-ए के अपने पिछले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद अब उनके लिए बाकी बचे दोनों मैच सेमीफाइनल में पहुंचने के नजरिए से काफी अहम हो गए हैं। टीम इंडिया को अपना अगला मैच बांग्लादेश महिला टीम के खिलाफ खेलना है।

Indian Women Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय महिला क्रिकेट टीम।

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को ग्रुप-ए में मिली साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली 6 विकेट से हार के बाद अब उनके लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की राह थोड़ी कठिन हो गई है। अभी भारतीय महिला टीम ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में तीन मैच खेलने के बाद 4 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है जिसमें उनका नेट रनरेट 2.511 का है। वहीं टीम इंडिया को अपने अगले 2 मैचों में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम का सामना करना है। इसमें 25 जून को भारतीय महिला टीम मैनचेस्टर के स्टेडियम में बांग्लादेश महिला टीम के खिलाफ मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेगी। ऐसे में भारत और बांग्लादेश महिला टीम के बीच में टी20 इंटरनेशनल में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें टीम इंडिया का पलड़ा साफतौर पर भारी दिखता है।

टीम इंडिया ने 23 में 20 मुकाबलों का किया है अपने नाम

महिला टी20 इंटरनेशनल में भारत और बांग्लादेश के बीच में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें दोनों टीमों के बीच में अब तक कुल 23 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारतीय टीम का साफतौर पर दबदबा देखने को मिलता है। टीम इंडिया ने 20 मैचों को अपने नाम किया है तो वहीं सिर्फ तीन मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं महिला टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच में अब तक तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं जिसमें सभी को भारतीय महिला टीम अपने नाम करने में कामयाब रही है। ऐसे में अब भारतीय महिला टीम की कोशिश अपने इस 100 फीसदी जीत के रिकॉर्ड को कायम रखने पर रहने वाली है। मैनचेस्टर के ग्राउंड पर भारत और बांग्लादेश महिला टीम के बीच में ये मुकाबला खेला जाएगा। यहां पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड देखा जाए तो उन्होंने अब तक 2 टी20 मुकाबले खेले हैं जिसमें से एक में उन्हें जीत हासिल हुई है तो एक में उनको हार का सामना करना पड़ा है।

गेंदबाजों पर रहने वाला है बड़ा दारोमदार

भारतीय महिला टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले मुकाबले में मिली हार का बड़ा कारण गेंदबाजों का उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन ना करना पाना था, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 5 विकेट हॉल लेने वाली दीप्ति शर्मा इस मैच में एक भी विकेट लेने में कामयाब नहीं हो सकी थी। ऐसे में भारतीय महिला टीम के गेंदबाज इस मुकाबले में किस तरह का प्रदर्शन करते हैं इसको लेकर सबसे ज्यादा सभी की नजरें रहने वाली हैं। वहीं इस मैच के बाद उनको ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के खिलाफ मुकाबला खेलना जो बिल्कुल भी आसान नहीं रहने वाला है।

ये भी पढ़ें

लखनऊ सुपर जायंट्स से अलग होने पर ऋषभ पंत ने तोड़ी चुप्पी, महज 3 शब्दों में कहा अलविदा

वैभव सूर्यवंशी इतिहास रचने के बावजूद नहीं तोड़ पाएंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी का रिकॉर्ड, 30 साल से कायम है कीर्तिमान

Latest Cricket News