1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सचिन तेंदुलकर के महारिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचे रूट, राहुल द्रविड़ समेत 3 दिग्गजों का पीछे होना तय?

सचिन तेंदुलकर के महारिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचे रूट, राहुल द्रविड़ समेत 3 दिग्गजों का पीछे होना तय?

इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जो रूट टेस्ट में बल्ले से लगातार कमाल कर रहे हैं। लॉर्ड्स टेस्ट में रूट शतक जड़ने से सिर्फ एक रन दूर हैं।

Joe Root- India TV Hindi
Image Source : GETTY जो रूट

Joe Root: जो रूट लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में दूसरे दिन एक रन बनाते ही सैकड़ा जड़ देंगे। रूट के टेस्ट करियर का यह 37वां टेस्ट शतक होगा। इसके साथ ही वह टेस्ट में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़ने के मामले में स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ देंगे। जो रूट टेस्ट क्रिकेट में कई बड़े मुकाम हासिल कर चुके हैं। लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन रूट ने इंग्लैंड में 7000 टेस्ट रन और भारत के खिलाफ टेस्ट में 3000 रन पूरे करने का बड़ा कारनामा किया। अब उनके निशाने पर सचिन तेंदुलकर का महारिकॉर्ड है।

रूट के निशाने पर सचिन का कीर्तिमान

दरअसल, जो रूट ने 156 टेस्ट मैचों की 284 पारियों में 51.01 के औसत से 13214 रन बनाए हैं। रूट टेस्ट में पांचवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ राहुल द्रविड़, जैक कैलिस, रिकी पोंटिंग और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर हैं। लॉर्ड्स टेस्ट में दूसरे दिन रूट अगर 76 रन और अपने खाते में जोड़ लेते हैं, तो वह एक झटके में राहुल द्रविड़ और जैक कैलिस को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। भारत के खिलाफ जारी 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में दिग्गज अंग्रेज बल्लेबाज के पास रिकी पोंटिंग को भी पीछे छोड़ने का बेहतरीन मौका होगा। 

टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • सचिन तेंदुलकर - 15921 
  • रिकी पोंटिंग - 13378
  • जैक कैलिस - 13289
  • राहुल द्रविड़ - 13288
  • जो रूट - 13214 
  • एलिस्टर कुक - 12472

क्या सचिन को छोड़ पाएंगे पीछे?

34 साल के जो रूट टेस्ट क्रिकेट में जिस तरह से शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसको देखते हुए सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर खतरा मंडरा रहा है। रूट के पास सचिन का कीर्तिमान ध्वस्त करने का मौका है, लेकिन उसके लिए उन्हें अगले 2-3 साल जमकर रन बनाने होंगे। हालांकि, ये इतना आसान नहीं होगा। रूट को सचिन से आगे निकलने के लिए अभी भी 2708 रनों की दरकार है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दिग्गज इंग्लिश बल्लेबाज मास्टर ब्लास्टर के महारिकॉर्ड के कितना करीब पहुंच पाता है या फिर ध्वस्त करने में सफल होता है। 

Latest Cricket News