IND vs NZ Team India Playing XI : भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वन डे मैचों की सीरीज शुरू हो गई है। टीम इंडिया के लिए ये तीन मैच काफी अहम होने वाले हैं। इस बीच सीरीज की शुरुआत अच्छे नोड पर हुई है। कप्तान रोहित शर्मा ने पहले ही मैच में टॉस जीता और उसके बाद उन्होंने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस बीच कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच की प्लेइंग इलेवन की बात की, जिसमें उन्होंने बताया कि केएल राहुल और अक्षर पटेल इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। टीम में कुछ बदलाव किए गए हैं। रोहित ने बताया कि हार्दिक पांड्या की वापसी हो रही है। वहीं सूर्य कुमार यादव और इशान किशन दोनों प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं। वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर दोनों को आज के मैच में खेलने का मौका मिला है। लेकिन जब रोहित शर्मा प्लेइंग इलेवन बता रहे हैं, तो उन्होंने एक ऐसे खिलाड़ी को बाहर कर दिया, जिसने श्रीलंका के खिलाफ वन डे सीरीज के दो मैच खेले और हर मैच में विकेट भी लिए, इसके बाद भी कप्तान ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
Image Source : ptiUmran Malik and Team India
उमरान मलिक अच्छे प्रदर्शन के बाद भी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से बाहर
रोहित शर्मा ने आज के मैच में तेज गेंदबाज उमरान मलिक को मौका नहीं दिया। वे प्लेइंग इलेवन में नहीं हैं। रोहित शर्मा ने जहां एक ओर शार्दुल ठाकुर की फिर से वापसी कराई है, वहीं मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी साथ साथ फिर से खेल रहे हैं। एक और तेज गेंदबाज की भूमिका हार्दिक पांड्या निभा सकते हैं। उमरान मलिक की बात की जाए तो श्रीलंका के खिलाफ हाल में ही खत्म हुई सीरीज में दो मैच खेले थे। पहले मैच में उन्होंने 57 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए थे, वहीं दूसरे मैच में उन्होंने 48 रन पर दो विकेट झटके थे। इससे पहले टी20 सीरीज में भी उनका जलवा देखने के लिए मिला था। तब उन्होंने तीन मैचों में सात विकेट अपने नाम किए थे। यानी वे पिछले पांच मैचों से लगातार विकेट ले रहे हैं, इसके बाद भी उनको आज खेलने का मौका नहीं दिया गया।
Image Source : APUmran Malik
टीम इंडिया के लिए आज का मैच जीतना जरूरी
कप्तान रोहित शर्मा की ओर से प्लेइंग इलेवन के ऐलान के बाद जब बीसीसीआई की ओर से सोशल मीडिया पर प्लेइंग इलेवन शेयर की गई तो उसमें फैंस यही पूछ रहे थे कि उमरान मलिक को टीम में शामिल क्यों नहीं किया गया। हालांकि अभी सीरीज के दो मैच और बाकी हैं, ऐसे में हो सकता है कि अगर भारत ने पहले दो मैच जीत लिए और सीरीज पर कब्जा कर लिया तो आखिरी मैच में उन्हें मौका मिल सकता है। देखना होगा कि जो खिलाड़ी आज खेल रहे हैं वे कैसा प्रदर्शन करते हैं और टीम इंडिया आज का मैच कितने अंतर से अपने नाम करती है।
Latest Cricket News