IND vs NZ Final: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड खिताब जीतने के इरादे से मैदान में हैं। फाइनल मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की किस्मत ने एक बार फिर साथ नहीं दिया। न्यूजीलैंड के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। इस तरह रोहित का टॉस हारना लगातार जारी है। रोहित शर्मा लगातार 12वें वनडे मैच में टॉस हार गए हैं। इसके साथ रोहित शर्मा के नाम बतौर कप्तान बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। भारतीय कप्तान वनडे क्रिकेट के इतिहास में संयुक्त रुप से सबसे ज्यादा टॉस हारने वाले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा के रिकॉर्ड की बराबरी की। लारा ने वनडे क्रिकेट में लगातार 12 टॉस हारे थे।
गौरतलब है कि भारतीय टीम वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल से टॉस हारता चला आ रहा है और ये सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में लगातार सबसे ज्यादा 12 टॉस हारने का शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इससे पहले ये रिकॉर्ड नीदरलैंड के नाम था जिसने 11 बार लगातार टॉस हारा था। टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में भी टॉस नहीं जीत सकी। इस तरह अब भारतीय टीम के नाम लगातार 15 वनडे मैचों में टॉस हारने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
वनडे क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा टॉस हारने वाले कप्तान
- रोहित शर्मा- 12
- ब्रायन लारा- 12
- पीटर बोरेन- 11
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में टीम इंडिया बिना किसी बदलाव के साथ मैदान में उतर रही है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम में एक बदलाव है। चोट के कारण फाइनल मैच में मैट हेनरी नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह पर नाथन स्मिथ को न्यूजीलैंड टीम में शामिल किया गया है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:-
न्यूजीलैंड (प्लेइंग इलेवन): विल यंग, रचिन रवींद्र, केन विलियमसन, डेरिल मिशेल, टॉम लैथम (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, विलियम ओ'रूर्के, नाथन स्मिथ।
भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेट कीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।
Latest Cricket News