A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK: कौन हैं 19 साल के आरोन जॉर्ज? जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेली 85 रनों की बेहतरीन पारी

IND vs PAK: कौन हैं 19 साल के आरोन जॉर्ज? जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेली 85 रनों की बेहतरीन पारी

IND U19 vs PAK U19: दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे अंडर 19 एशिया कप मुकाबले में टीम इंडिया की तरफ से आरोन जॉर्ज के बल्ले से 85 रनों की पारी उस समय देखने को मिली जब दूसरी तरफ बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते हुए दिखाई दिए थे।

Aaron George- India TV Hindi
Image Source : SCREENGRAB/X आरोन जॉर्ज

भारत और पाकिस्तान की अंडर 19 टीम के बीच में दुबई के आईसीसी अकेडमी ग्राउंड पर अंडर-19 एशिया कप में ग्रुप-ए का मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तानी अंडर-19 टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद टीम इंडिया 46.1 ओवर्स में 240 रन बनाकर सिमट गई। टीम इंडिया को इस मुकाबले में लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाने में 19 साल के आरोन जॉर्ज की 85 रनों की पारी ने अहम भूमिका निभाई। वैभव सूर्यवंशी के सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौटने के बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे आरोन जॉर्ज ने एक छोर से रनों की गति को बरकरार रखने का काम किया, जिसके दम पर टीम इंडिया एक ऐसे स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही जहां से पाकिस्तानी टीम के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया जा सके। आरोन जॉर्ज ने अपनी इस शानदार पारी के दौरान कुल 12 चौके और एक छक्का भी लगाया।

कौन हैं आरोन जॉर्ज, अपनी कप्तानी में जीती है विनू मांकड़ ट्रॉफी

आरोन जॉर्ज को लेकर बात की जाए तो उनका जन्म केरल में हुआ था, जिसके बाद घरेलू क्रिकेट में वह हैदराबाद की तरफ से खेलते हैं। आरोन जॉर्ज की कप्तानी में हैदराबाद की टीम ने 38 साल के लंबे इंतजार के बाद वीनू मांकड़ ट्रॉफी को अपने नाम किया था। आरोन जॉर्ज वीनू मांकड़ के पिछले 2 सीजन में 700 से ज्यादा रन बना चुके हैं। वहीं चयनकर्ताओं की उनपर उस समय नजर पड़ी जब उन्होंने साल 2022-23 में विजय मर्चेंट ट्रॉफी में बिहार के खिलाफ मुकाबले में 303 रनों की शानदार पारी खेली थी। आरोन जॉर्ज ने अंडर 19 एशिया कप में भी शानदार फॉर्म अभी तक दिखाया है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान से पहले यूएई के खिलाफ मुकाबले में भी 69 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी।

आईपीएल ऑक्शन पर रहेगी फ्रेंचाइजियों की नजरें

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन को लेकर 16 दिसंबर को अबू धाबी में ऑक्शन का आयोजन होगा, जिसमें कुल 359 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट हुए हैं। आरोन जॉर्ज का भी नाम इसमें शामिल है, जिसमें कई फ्रेंचाइजियों की नजरें उनपर रहने वाली हैं। जॉर्ज ने 30 लाख रुपये बेस प्राइस में अपना नाम दिया है, ऐसे में उनको लेकर कौन सी फ्रेंचाइजी अपनी दिलचस्पी को दिखाती है, इसको लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं।

ये भी पढ़ें

भारतीय बल्लेबाज के सिर में लगी गेंद, फिर भी क्रीज पर डटा रहा; पाकिस्तान के खिलाफ दिखाई हिम्मत

पाकिस्तान के खिलाफ फुस्स पटाखा साबित हुए वैभव सूर्यवंशी, नहीं चला विस्फोटक बल्लेबाजी का जादू

Latest Cricket News