भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद अब दोनों टीमों के बीच 30 नवंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसको लेकर दोनों टीमों की स्क्वाड का ऐलान पहले ही किया जा चुका है। इस सीरीज में एकबार फिर से सभी की नजरें टीम इंडिया के 2 बड़े स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा पर रहने वाली हैं, जिनका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में बल्ले से उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन देखने को मिला था। वहीं विराट कोहली जो लंबे समय के बाद घर पर वनडे सीरीज का मुकाबला खेलने उतरेंगे उनके पास इस सीरीज में एक बड़ा कारनामा करने का भी मौका होगा।
कोहली के पास द्रविड़ को पीछे छोड़ने का मौका
विराट कोहली का अभी तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में बल्ले से काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने इस टीम के खिलाफ कुल 31 वनडे मैच खेले हैं और उसमें उन्होंने 65.39 के बेहतरीन औसत के साथ कुल 1504 रन बनाए हैं। कोहली इस लिस्ट में सिर्फ सचिन तेंदुलकर से पीछे हैं, जिन्होंने अफ्रीका के खिलाफ वनडे में कुल 2001 रन बनाए हैं। वहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर वनडे सीरीज में खेलते हुए भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली तीसरे नंबर पर मौजूद हैं, जिसमें उनके पास राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ने का मौका है। कोहली ने जहां अब तक घर पर अफ्रीका के खिलाफ वनडे में 435 रन बनाए हैं तो वहीं द्रविड़ के बल्ले से 440 रन देखने को मिले हैं। ऐसे में कोहली इस वनडे सीरीज में यदि 6 रन और बनाने में कामयाब हो जाते हैं तो वह द्रविड़ को पीछे छोड़ने के साथ भारत की तरफ से घर पर अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
सचिन को भी पीछे छोड़ने का मौका
साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा शतकीय पारी खेलने के मामले में सचिन तेंदुलकर के साथ विराट कोहली संयुक्त रूप से पहले नंबर पर काबिज हैं, जिसमें कोहली यदि तीन मैचों की आगामी वनडे सीरीज में एक भी शतकीय पारी खेलने में कामयाब होते हैं तो वह सचिन को पीछे छोड़ने में कामयाब हो जाएंगे। अभी तक कोहली के बल्ले से साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में कुल 5 शतकीय पारियां देखने को मिली है।
ये भी पढ़ें
IND vs SA: कितने बजे शुरू होगा पहला मैच, नोट कर लीजिए टाइम, नहीं तो छूट जाएगा मुकाबला
IND vs SA ODI: कब शुरू होगी भारत बनाम साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज, ये रहा पूरा शेड्यूल
Latest Cricket News