IND vs SA: रवींद्र जडेजा के पास बड़ा कारनामा करने का मौका, ऐसा करने वाले बन सकते हैं सिर्फ 5वें भारतीय
IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया के ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा के पास एक बड़ा कारनामा करने का मौका होगा।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच में खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला टीम इंडिया के लिए काफी अहम हो गया है। इस सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा, जिसमें मुकाबला सिर्फ तीन दिनों के अंदर ही खत्म हो गया। वहीं अब भारतीय टीम को यदि ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म करनी है तो उसके लिए दूसरा मुकाबला जीतना जरूरी है, जो गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में 22 नवंबर से खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा के पास एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल करने का मौका होगा।
जडेजा टेस्ट में अफ्रीका के खिलाफ 50 विकेट पूरे करने से सिर्फ 4 कदम दूर
रवींद्र जडेजा के लिए साल 2025 टेस्ट क्रिकेट में काफी शानदार रहा है, भले ही कोलकाता में खेले गए मुकाबले में उनका बल्ले से कोई खास प्रदर्शन देखने को नहीं मिला। जडेजा के पास अब अफ्रीकी टीम के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट मैच में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। अभी तक रवींद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कुल 10 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से उन्हें 17 पारियों में गेंदबाजी करने का मौका मिला है। इस दौरान जडेजा ने 18.80 के औसत से कुल 46 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में गुवाहाटी टेस्ट मैच में यदि रवींद्र जडेजा चार विकेट और हासिल कर लेते हैं तो वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस फॉर्मेट में 50 या उससे अधिक विकेट लेने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। अभी तक अफ्रीका के खिलाफ ये कारनामा अनिल कुंबले, जवागल श्रीनाथ, हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन ने किया है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ी
- अनिल कुंबले (21 टेस्ट मैच) - 84 विकेट
- जवागल श्रीनाथ (13 टेस्ट मैच) - 64 विकेट
- हरभजन सिंह (11 टेस्ट मैच) - 60 विकेट
- रविचंद्रन अश्विन (14 टेस्ट मैच) - 57 विकेट
- मोहम्मद शमी (11 टेस्ट मैच) - 48 विकेट
- रवींद्र जडेजा (10 टेस्ट मैच) - 46 विकेट
जडेजा के पास 350 टेस्ट विकेट भी पूरे करने का मौका
टेस्ट क्रिकेट में इस समय रवींद्र जडेजा टीम इंडिया के लिए घर और विदेश दोनों जगह पर प्रमुख स्पिन गेंदबाज की भूमिका को निभा रहे हैं। पिछले कुछ सालों में उनका प्रदर्शन गेंद से काफी शानदार रहा है, जिसमें अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट मैच में जडेजा के पास अपने 350 विकेट पूरे करने का भी मौका होगा। अब तक रवींद्र जडेजा ने 88 टेस्ट मैचों में खेलते हुए 25.10 के औसत से 342 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में जडेजा यदि 8 विकेट और लेते हैं तो वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले 5वें भारतीय बन जाएंगे।
ये भी पढ़ें
IND vs SA: भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने चली बड़ी चाल, धुरंधर गेंदबाज को टीम में किया शामिल
भारत के लिए आई अच्छी खबर, कप्तान गिल को लेकर साफ हो गया मामला, स्क्वॉड में धाकड़ ऑलराउंडर की एंट्री