1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs WI : बेहतरीन बल्लेबाजी के बाद भी टीम इंडिया से बाहर होगा ये खिलाड़ी

IND vs WI : बेहतरीन बल्लेबाजी के बाद भी टीम इंडिया से बाहर होगा ये खिलाड़ी

IND vs WI : सीरीज जीत के साथ ही शिखर धवन भारत के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने वेस्टइंडीज को उसी की जमीन पर वन डे सीरीज में पूरी तरह से सफाया किया हो।

shubman gill and virat kohli- India TV Hindi
Image Source : PTI shubman gill and virat kohli

Highlights

  • शुभमन गिल ने बनाए वन डे सीरीज में सबसे ज्यादा रन, टी20 में नहीं हैं शामिल
  • 29 जुलाई से शुरू होगी वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज
  • रोहित शर्मा फिर से करेंगे टीम इंडिया की कप्तानी, शिखर धवन आएंगे वापस

IND vs WI : भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही वन डे सीरीज अब खत्म हो गई है। टीम इंडिया ने सीरीज में वेस्टइंडीज का सूपड़ा ही साफ कर दिया है। तीन के तीन मैच भारतीय टीम ने जीते। पहले दो मैचों में तो वेस्टइंडीज ने कुछ संघर्ष किया भी और लगाा कि टीम जीत भी सकती है, लेकिन आखिरी मैच में तो भारतीय टीम ने बड़ी जीत दर्ज की है। हालांकि ये मैच बारिश से भी बाधित रहा। सीरीज जीत के साथ ही शिखर धवन भारत के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने वेस्टइंडीज को उसी की जमीन पर वन डे सीरीज में पूरी तरह से सफाया किया हो, अभी तक कोई भी भारतीय कप्तान ऐसा नहीं कर पाया था। भारतीय टीम ने ऐसा करिश्माई प्रदर्शन तब किया है, जब बड़े बड़े और सीनियर खिलाड़ी इस वक्त रेस्ट कर रहे थे। खैर अब टी20 सीरीज शुरू होगी और इसमें बतौर कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर से वापसी कर रहे हैं। 

शुभमन गिल बने मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज 
वन डे सीरीज में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने कमाल का प्रदर्शन किया है। पूरी सीरीज में दोनों टीमों की ओर से वे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं। हालांकि आखिरी मैच में वे अपना पहला वन डे शतक लगाने से चूक गए, लेकिन दो मैचों में उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। शुभमन गिल ने तीन पारियों में कुल मिलाकर 205 रन बनाए और उनका औसत 102 से भी ज्यादा का था। पहले मैच में शुभमन गिल ने 53 गेंदों पर 64 रन बनाए, इसके बाद दूसरे मैच में 49 गेंदों पर 43 रन और तीसरे मैच में उन्होंने 98 गेंदों पर 98 रन की नाबाद पारी खेली। यही कारण रहा कि उन्हें मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का अवार्ड भी दिया गया हैै।

शुभमन गिल का वेस्टइंडीज दौर हुआ खत्म
लेकिन खास बात ये है कि शुभमन गिल उस भारतीय टीम में शामिल नहीं है, जो 29 जुलाई से टी20 सीरीज खेलने जा रही है। शिखर धवन की कप्तानी वाली इस टीम में वैसे तो ईशान किशन और रुतुराज गायकवाड़ भी ओपनर थे, लेकिन शिखर धवन चूंकि खुद भी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, इसलिए ईशान किशन को मौका नहीं दिया गया और शुभमन गिल पहली च्वाइस ओपनर बने। उन्होंने इस मिले मौके को खूब भुनाया और हर मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी की। इतनी जबरदस्त फार्म में होने के बाद भी अब शुभमन गिल को वापस लौटना होगा। हालांकि जिस तरह की बल्लेबाजी शुभमन गिल ने की है, उससे साफ है कि वे अगले महीने होने वाली जिम्बाब्वे टूर में टीम इंडिया का हिस्सा जरूर होंगे। 

Latest Cricket News