1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वनडे स्क्वाड से हार्दिक पांड्या की छुट्टी, सूर्यांश शेडगे की हुई एंट्री, ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ दिखाएंगे दम

वनडे स्क्वाड से हार्दिक पांड्या की छुट्टी, सूर्यांश शेडगे की हुई एंट्री, ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ दिखाएंगे दम

हार्दिक पांड्या की फिटनेस ने एक बार फिर भारतीय टीम को करारा झटका दिया है। ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले हार्दिक के स्थान पर 23 साल के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है।

IND A vs AUS A- India TV Hindi
Image Source : AP/PTI सूर्यांश शेडगे और हार्दिक पांड्या

ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले इंडिया ए टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। चोट के कारण हार्दिक पांड्या इस सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह 23 साल के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को टीम में शामिल किया गया है। शेडगे दाएं हाथ के मीडियम पेसर हैं और बल्लेबाजी भी करते हैं।

हार्दिक की जगह लेंगे शेडगे

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक को मूल रूप से इंडिया ए की वनडे टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें फिटनेस मंजूरी मिलना जरूरी था। ताजा चोट के कारण उनकी मैदान पर वापसी एक बार फिर टल गई है। बताया जा रहा है कि गेंदबाजी करते समय हार्दिक पांड्या को अभी पूरी तरह दर्द से राहत नहीं मिली है। IPL 2026 के दौरान मई में चोटिल होने के बाद से वह लगातार मैदान से बाहर हैं। ODI क्रिकेट में भी उन्होंने मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद कोई मुकाबला नहीं खेला है। सूर्यांश शेडगे ने अब तक तीन T20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनके 15 लिस्ट-ए मुकाबलों में से करीब आधे मैच इंडिया ए के लिए आए हैं। जून में श्रीलंका ए के खिलाफ दांबुला में खेले गए मुकाबले में उन्होंने सातवें नंबर पर उतरकर 66 गेंदों में 72 रन की शानदार पारी खेली थी।

अनुकूल रॉय को भी मिला मौका

इंडिया ए टीम में एक और बदलाव किया गया है। बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को नमन धीर की जगह टीम में शामिल किया गया है। नमन धीर को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी पांच मैचों की T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है, जहां उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर की जगह ली है। एशियन गेम्स में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने वाली T20 टीम का हिस्सा रहे वॉशिंगटन सुंदर अब तमिलनाडु के लिए रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले में खेल सकते हैं, अगर उन्हें टीम में चुना जाता है।

ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ इस वनडे सीरीज में ऋतुराज गायकवाड़ इंडिया ए की कप्तानी करेंगे, जबकि देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे। पडिक्कल इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ हुई रेड-बॉल सीरीज में इंडिया ए की कप्तानी कर चुके हैं। उधर, ऑस्ट्रेलिया ए ने भी अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज रिले मेरेडिथ और ऑलराउंडर विल सदरलैंड को वनडे टीम में शामिल किया गया है। दोनों ने जैक एडवर्ड्स और आरोन हार्डी की जगह ली है। इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच पहला वनडे 6 अक्टूबर को खेला जाएगा। यह मुकाबला डे-नाइट होगा। दूसरा मैच 9 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को खेला जाएगा।

दोनों टीमों का स्क्वाड

इंडिया ए टीम: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल (उप-कप्तान), प्रियांश आर्य, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रजत पाटीदार, प्रभसिमरन सिंह, साई सुदर्शन, अनुकूल रॉय, अर्शिन कुलकर्णी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, अरशद खान, गुरजापनीत सिंह, विप्रज निगम, यश ठाकुर।

ऑस्ट्रेलिया ए टीम: महली बियर्डमैन, निखिल चौधरी, बेन ड्वारशुइस, स्पेंसर जॉनसन, सैम कोन्स्टास, नाथन मैकस्वीनी, रिले मेरेडिथ, टॉड मर्फी, मिच ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), तनवीर संघा, लियाम स्कॉट, लाचलान शॉ, विल सदरलैंड।

यह भी पढ़ें:

भारत के खिलाफ T20I सीरीज से पहले वेस्टइंडीज ने उठाया बड़ा कदम, आमिर जंगू की टीम में एंट्री

BBL में खेलने के लिए कीवी ऑलराउंडर ने छोड़ा सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट, 11 साल बाद निक केली को मिला बड़ा इनाम

Latest Cricket News