1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से पहले एक और परीक्षा, इस दिन मैदान में उतरेंगे खिलाड़ी

भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से पहले एक और परीक्षा, इस दिन मैदान में उतरेंगे खिलाड़ी

IND vs ENG: भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच एक और मुकाबला खेला जाएगा। इसकी तारीख और वक्त को आप नोट कर लीजिए।

karun nair- India TV Hindi
Image Source : GETTY करुण नायर

India vs Engalnd: भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज की तैयारी अब लगभग आखिरी चरण में है। सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून को खेला जाएगा, इसमें अभी थोड़ा सा वक्त है, लेकिन इससे पहले भारतीय प्लेयर्स को एक और परीक्षा से गुजरना होगा। भारतीय खिलाड़ी सीरीज से पहले अपना एक और प्रैक्टिस मैच खेलेंगे, इसके बाद सीधे असली मुकाबले में आमना सामना होगा। वैसे भारत और भारत ए के बीच भी एक मैच होना है, लेकिन ये आपसी मुकाबला होगा। ये मैच कब से है और कौन कौन से खिलाड़ी इसमें खेलेंगे, चलिए आपको बताते हैं। 

भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच होगा एक और मुकाबला

भारत की ए टीम पहले ही इंग्लैंड पहुंच चुकी थी, जहां उसका मुकाबला इंग्लैंड लायंस से एक मैच में हो चुका है। चार दिन के इस अनऑफिशियल मैच में कुछ खिलाड़ियों ने तो कमाल का प्रदर्शन किया। लेकिन कुछ अपने उस रंग में नहीं दिखे, जिसकी दरकार है। जहां एक ओर करुण नायर ने दोहरा शतक ठोककर प्लेइंग इलेवन में अपने दावे को और मजबूत किया, वहीं सरफराज खान और ध्रुव जुरेल ने भी बड़ी पारियां खेलीं, लेकिन वे अपने शतक से चूक गए। गेंदबाजी में बात करें तो मुकेश कुमार और शार्दुल ठाकुर विकेट लेने में कामयाब रहे। 

दूसरी पारी में दिखा था भारतीय बल्लेबाजों का जलवा

यशस्वी जायसवाल और अभिमन्यु ईश्वरन पहली पारी में तो कामयाब नहीं हो पाए, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। जायसवाल  ने 60 बॉल पर 64 रन बनाए, वहीं अभिमन्यु ने 87 बॉल पर 68 रन बनाए। ध्रुव जुरेल ने दूसरी पारी में भी 53 रन बनाए थे। नितीश कुमार रेड्डी भी दूसरी पारी में कामयाब रहे। अब दूसरे मैच की बारी है, जो 6 जून यानी शुक्रवार से खेला जाएगा। भारतीय समय अनुसार ये मुकाबला दिन में साढ़े तीन बजे से होगा। पहले दिन इससे आधे घंटे पहले यानी तीन बजे टॉस होगा।

केएल राहुल भी खेल सकते हैं अगला मुकाबला

इस बीच खबर ये भी है कि इंडिया ए के स्क्वाड में केएल राहुल शामिल तो नहीं किए गए हैं, लेकिन वे दूसरे मैच में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। उन्होंने खुद ही इस मैच में खेलने का प्रस्ताव रखा है। केएल राहुल इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे, ये तो करीब करीब पक्का है, ऐसे में अगर उन्हें कुछ मैच प्रैक्टिस मिल जाएगी तो उनके और टीम के लिए अच्छा रहेगा। इसके बाद भारत और भारत ए टीम के बीच 16 जून से मुकाबला खेला जाएगा। इसमें सारे भारतीय प्लेयर्स ही होंगे। इसके बाद सीधे 20 जून को मुख्य मुकाबला शुरू हो जाएगा। 

Latest Cricket News