भारतीय महिला-ए टीम इस समय ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर है। जहां उसने तीन वनडे मैचों की अनऑफिशियल सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। लेकिन सीरीज के तीसरे मुकाबले में उसे ऑस्ट्रेलियाई महिला-ए टीम से 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में भारतीय महिला-ए टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 216 रन बना पाई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने एलिसा हीली के शतक की बदौलत इस टारगेट को 27.5 ओवर में ही चेज कर लिया।
एलिसी हीली ने लगाया शतक
ऑस्ट्रेलिया के लिए ताहलिया विल्सन और एलिसी हीली ने धमाकेदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। विल्सन ने 51 गेंदों में 59 रन बनाए, जिसमें 8 चौके शामिल रहे। दूसरी तरफ हीली ने 84 गेंदों में ही 137 रन बनाए, जिसमें 23 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनके आगे भारतीय महिला-ए टीम के गेंदबाजों की एक ना चली। हीली ने पारी की शुरुआत से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और मैच को बिल्कुल एकतरफा कर दिया। राचेल ट्रैनमैन ने 32 गेंदों में 21 रन बनाए, जिसमें 32 चौके और दो छक्के शामिल रहे। इन प्लेयर्स की वजह से ही ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत के लिए एकमात्र विकेट राधा यादव ने झटका।
ओपनर्स ने भारत को दी अच्छी शुरुआत
भारतीय महिला-ए टीम के लिए शेफाली वर्मा और नंदिनी कश्यप ओपनिंग करने उतरी थीं और दोनों ही प्लेयर्स ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 86 रनों की साझेदारी की। शेफाली को 52 रन के निजी स्कोर पर ताहलिया मैकग्राथ ने आउट कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम की लय बिगड़ गई और पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। नंदिनी 28 रन बनाकर आउट हो गईं। फिर राघवी बिष्ट (18 रन) और तेजल हसब्निस (एक रन) भी अच्छा खेल नहीं दिखा पाईं।
ताहलिया मैकग्राथ ने चटकाए तीन विकेट
यास्तिका भाटिया ने जरूर 42 रन बनाए। तनुश्री सरकार ने 17 रन और राधा यादव ने 18 रनों का योगदान दिया। 47.4 ओवर्स में पूरी भारतीय टीम सिर्फ 216 रन ही बना सकी। ताहलिया मैकग्राथ ने सबसे ज्यादा तीन विकेट अपने नाम किए और अच्छी गेंदबाजी की। उनके अलावा सिआना गिंगर, एला हेवर्ड, अनिका लियरॉयड ने दो-दो विकेट हासिल किए है।
यह भी पढ़ें:
वनडे सीरीज से पहले मिचेल मार्श की उड़ी नींद, इस खिलाड़ी के फॉर्म ने बढ़ाई टेंशन
BCCI लाया नया नियम, अब शॉर्ट रन को लेकर फील्डिंग टीम का कप्तान करेगा अहम फैसला
Latest Cricket News