1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत ने किया फाइटबैक, ऑस्ट्रेलिया का हाल खराब, बैकफुट पर टीम

भारत ने किया फाइटबैक, ऑस्ट्रेलिया का हाल खराब, बैकफुट पर टीम

भारतीय महिला ए टीम और ऑस्ट्रेलिया ​महिला ए टीम के बीच रोमांचक टेस्ट मैच जारी है। भारत ने अब मैच पर पकड़ बनानी शुरू कर दी है, वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम कुछ पीछे नजर आ रही है।

raghvi bist- India TV Hindi
Image Source : GETTY राघवी बिष्ट

भारतीय महिला ए और ऑस्ट्रेलिया की महिला ए टीम के बीच जारी टेस्ट मैच अब काफी रोचक हो चला है। जो भारतीय टीम पहले दिन कुछ दबाव में थी, अब दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऐसा ही कुछ हाल ऑस्ट्रेलिया का हो गया है। कहना ही होगा कि भारत ने दूसरे दिन फाइटबैक किया और ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर कर दिया है। 

भारत ने पहली पारी में बना दिए 299 रन

भारत ​की महिला ए टीम इस वक्त ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है। जहां पहले टी20 सीरीज खेली गई, इसके बाद बारी आई वनडे सीरीज की और अब सबसे आखिर में खेला जा रहा है टेस्ट मैच। हालांकि टेस्ट मैच पांच दिन का नहीं, ​चार ही दिन का है। पहले दिन भारतीय टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी, लेकिन 100 रन बनने से पहले ही पांच विकेट गिर गए थे। लेकिन दूसरे दिन भारत ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपना स्कोर 299 तक पहुंचा दिया। 

राघवी बिष्ट ने खेली शानदार 93 रनों की पारी

भारत के लिए राघवी बिष्ट ने 93 रनों की कमाल की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 16 चौके लगाए। वे भले ही अपने शतक से चूक गई हैं, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने अपनी टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाने का काम जरूर कर दिया है। इतना ही नहीं, लोअर आर्डर में आकर वीजे जोशीता ने 51 रनों की पारी खेली, यही वजह रही कि भारत की टीम करीब 300 रन तक पहुंच सकी। एक वक्त तो 200 का स्कोर भी बड़ा लगा रहा था, लेकिन महिला खिलाड़ियों ने गजब का जुझारूपन दिखाया और स्कोर काफी अच्छा बना लिया है। 

आने वाले दो दिन होंगे काफी रोचक

इसके बाद जब ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी आई तो टीम बैकफुट पर है। दूसरे दिन का खेल जब खत्म हुआ, तब तक ऑस्ट्रेलिया की टीम 158 रन पर अपने पांच विकेट गवां चुकी थी। भारत की ओर से कप्तान राधा यादवव और साइमा ठाकुर ने दो दो विकेट निकाले, वहीं तितास साधु ने एक विकेट अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी भी भारत के स्कोर से 141 रन पीछे है और अभी मैच के दो दिन बाकी है। भारतीय टीम की कोशिश होगी कि अब जल्द से जल्द ऑस्ट्रेलिया की पारी को समाप्त किया जाए, ताकि कुछ रनों की लीड मिल जाए, जो दूसरी पारी में काफी काम की साबित हो सकती है। यानी आने वाले बचे हुए दो दिन काफी अहम और रोमांचक होने वाले हैं। 

Latest Cricket News