A
Hindi News खेल क्रिकेट T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का बड़ा धमाका, पाकिस्तान और इंग्लैंड के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी

T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का बड़ा धमाका, पाकिस्तान और इंग्लैंड के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी

टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारतीय टीम ने छठी बार T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने का कमाल किया।

Team India- India TV Hindi Image Source : AFP टीम इंडिया

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में वेस्टइंडीज पर रोमांचक जीत दर्ज करने के साथ ही भारत ने न सिर्फ सेमीफाइनल का टिकट कटाया, बल्कि पाकिस्तान और इंग्लैंड के बड़े रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।

टीम इंडिया अब मेन्स T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 6 बार सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम बन गई है। इससे पहले भारतीय टीम ने 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में अंतिम चार में पहुंचने का कारनामा किया था। 2026 में सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत ने इस खास सूची में पाकिस्तान और इंग्लैंड की बराबरी कर ली है। इंग्लैंड और पाकिस्तान 6-6 बार T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बना चुके हैं।

सबसे ज्यादा सेमीफाइनल खेलने वाली टीमें

  • पाकिस्तान - 6 बार (2007, 2009, 2010, 2012, 2021, 2022)
  • भारत - 6 बार (2007, 2014, 2016, 2022, 2024, 2026)
  • इंग्लैंड - 6 बार (2010, 2016, 2021, 2022, 2024, 2026)

टीम इंडिया ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। रोस्टन चेज और जेसन होल्डर ने टीम को दमदार फिनिश दिया। चेज ने 40 जबकि होल्डर ने ताबड़तोड़ अंदाज में नाबाद 37 रनों की पारी खेली। जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 2 विकेट अपने नाम किए। हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 सफलता मिली।

जवाब में 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम शुरुआत में ही डगमगा गई। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जल्दी पवेलियन लौट गए। दोनों धाकड़ बल्लेबाज सिर्फ 10-10 रन बना सके।कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। सूर्या ने सिर्फ 18 रनों का योगदान दिया जबकि तिलक 27 रन बना पाए। हालांकि, इस दौरान सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन एक छोर पर मजबूती से डटे रहे और हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी की । उन्होंने 50 गेंदों में 12 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन ठोके और मैच को भारत की झोली में डाल दिया।

T20 WC में चेज किया अपना सबसे बड़ा लक्ष्य

भारत ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। इस तरह टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज करने का बड़ा कारनामा किया। इससे पहले 2014 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 173 रन का पीछा टीम इंडिया का सबसे बड़ा चेज था। इतना ही नहीं, 196 रन का यह लक्ष्य टूर्नामेंट इतिहास का ओवरऑल तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज भी है।

Latest Cricket News