1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को मिली तीसरी जीत, बांग्लादेश को 5 विकेट से हराया

वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को मिली तीसरी जीत, बांग्लादेश को 5 विकेट से हराया

ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया अपना चौथा मैच बांग्लादेश से खेला। इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया के सामने 137 रन का टारगेट रखा था, जिसे टीम इंडिया ने आसानी से हासिल कर लिया।

IND vs BAN- India TV Hindi
Image Source : X@BCCI WOMEN भारत बनाम बांग्लादेश

ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप का 23वां मैच भारत और बांग्लादेश के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला गया, जिसे टीम इंडिया ने 5 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने टॉस जीता और उन्होंने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम 20 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाने में कामयाब रही। इस टारगेट को टीम इंडिया ने 16.5 ओवर में 5 विकेट रहते हासिल कर लिया। यह इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के लिए चार मैचों में तीसरी जीत है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया सेमीफाइनल के करीब पहुंच गई है।

बांग्लादेश के लिए इस मैच में जुएरिया फिरदौस ने 31 बॉल पर 33 रन बनाए। वहीं निगर सुल्ताना ने 27 गेंदों में 32 रन का योगदान दिया। उनके अलावा शोभना मोस्टोरी ने 22, शर्मीन अख्तर ने 10 और शोरना अख्तर ने 13 रन का योगदान दिया। टीम इंडिया की गेंदबाजी की बात करें तो वहां राधा यादव ने 3 विकेट हासिल किए। वहीं श्री चरनी ने दो विकेट अपने नाम किए। रेणुका ठाकुर और नंदिनी शर्मा को 1-1 विकेट मिला।

रन चेज में टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत मिली थी। पहले विकेट के लिए स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने 31 रन जोड़े। मंधाना 8 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद यास्तिका भाटिया और शैफाली के बीच 45 रन की साझेदारी हुई। शैफाली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। वह 34 गेंदों में 8 चौके और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुई। वहीं यास्तिका ने 18 बॉल पर 23 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्ज इस मैच में 26 रन का योगदान देने में कामयाब रही। कप्तान हरमनप्रीत कौर अंत तक नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाने में कामयाब रही। बांग्लादेश की तरफ से ऋतू मोनी ने दो विकेट लिए।

इस मैच के लिए टीम इंडिया ने प्लेइंग XI में दो बदलाव किए थे। प्रेमा रावत की जगह राधा यादव को इस मैच में मौका मिला। वहीं अरुंधत्ति रेड्डी की जगह रेणुका ठाकुर को शामिल किया गया। वहीं बांग्लादेश की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया था।

भारत बनाम बांग्लादेश मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI

बांग्लादेश महिला टीम: दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस, शर्मिन अख्तर, निगर सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शोभना मोस्टोरी, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, राबेया खान, नाहिदा अख्तर, शंजीदा अख्तर मेघला, मारुफा अख्तर

भारत महिला टीम: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा

Latest Cricket News