A
Hindi News खेल क्रिकेट IND vs ENG: इन 2 प्लेयर्स में से एक को ही मिलेगा प्लेइंग इलेवन में मौका! यहां फंस गया पेच

IND vs ENG: इन 2 प्लेयर्स में से एक को ही मिलेगा प्लेइंग इलेवन में मौका! यहां फंस गया पेच

IND vs ENG: भारत की टीम 20 जून से इंग्लैंड के​ खिलाफ टेस्ट के लिए उतरेगी। इसमें प्लेइंग इलेवन को लेकर पेच फंसा हुआ है। किसे मौका मिलेगा और किसे बाहर बैठना पड़ेगा।

indian cricket team- India TV Hindi Image Source : GETTY भारतीय क्रिकेट टीम

India vs England Test Series: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून से खेला जाएगा, हालांकि इससे पहले पिछले चक्र का फाइनल 11 जून से शुरू हो रहा है। इसमें ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने सामने होंगी, लेकिन भारतीय फैंस को तो 20 जून का ही इंतजार है। टीम इंडिया फाइनल नहीं खेल रही है, इसलिए डब्ल्यूटीसी का फाइनल हमारे लिए बेमतलब है। इस बीच 20 जून को भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने सामने होंगी, उसकी प्लेइंग इलेवन को लेकर मामला फंसा हुआ है। दो खिलाड़ी टीम में ऐसे हैं, जिसमें से एक को ही प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा, वहीं एक को बाहर बैठना पड़ेगा। 

शार्दुल ठाकुर और नितीश कुमार रेड्डी के बीच टक्कर

हम बात कर रहे हैं शार्दुल ठाकुर और नितीश कुमार रेड्डी की। ये दोनों ही खिलाड़ी भारतीय टीम के स्क्वाड में शामिल किए गए हैं, साथ ही इंडिया ए में भी थे। दोनों ही खिलाड़ी इंडिया ए बनाम इंग्लैंड लायंस मैच में खेले, लेकिन ऐसा कुछ नहीं कर पाए, जिससे एक का भी दावा प्लेइंग इलेवन के लिए मजबूत हुआ हो। हालांकि एक खिलाड़ी खेलेगा ये भी पक्का ही माना जाना चाहिए।

शार्दुल ठाकुर ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ क्या किया

बात पहले शार्दुल ठाकुर की करते हैं। इंडिया ए बनाम इंग्लैंड लायंस पहले मैच की बात करें तो इस मैच में शार्दुल ठाकुर केवल 27 रन ही बना सके, वहीं उन्होंने 105 रन खर्च कर दो विकेट अपने नाम किए। दूसरे मैच की पहली पारी में उन्होंने 19 और दूसरी में 34 रन बनाए। वहीं 40 रन देकर भी उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। साल 2018 में टेस्ट डेब्यू करने वाले शार्दुल ठाकुर ने अपना आखिरी टेस्ट साल 2023 में खेला था, उसके बाद से बाहर चल रहे थे। अब उनकी टीम इंडिया में वापसी हुई है, लेकिन वे 20 जून से शुरू होने वाले मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे कि नहीं, इसको लेकर कुछ पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता। 

इंग्लैंड लायंस के खिलाफ नितीश कुमार रेड्डी ने ​क्या किया

अब बात नितीश कुमार रेड्डी की। इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पहले मैच की पहली पारी में उन्होंने सात रन बनाए और दूसरी पारी में नाबाद 52 रन बनाने में कामयाब रहे। उन्होंने इस मैच में 63 रन देकर एक सफलता हासिल की थी। इसके बाद दूसरे मैच की पहली पारी में रेड्डी ने 34 और दूसरी पारी में 42 रन बनाए, यहां भी उन्हें 49 रन देकर केवल एक ही सफलता मिली। नितीश कुमार ने साल 2024 में डेब्यू किया था, ऐसे में वे नए और युवा खिलाड़ी के तौर पर इंग्लैंड गए हैं। 

एक को ही मिल पाएगा प्लेइंग इलेवन में मौका

ये तो पक्का है कि शार्दुल ठाकुर और नितीश कुमार रेड्डी में से एक ही खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल पाएगी। वो कौन होगा, इसका फैसला कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट को मिलकर करना होगा। दरअसल इंग्लैंड की पिच तेज गेंदबाजों की मददगार होगी, ये तो तय है। ऐसे में एक ऐसे खिलाड़ी को तो मौका दिया ही जाएगा, जो तेज गेंदबाजी के साथ साथ रन बनाने में भी टीम का सहयोग करे। प्लेइंग इलेवन की जंग कौन जीतेगा, ये देखना दिलचस्प होगा। 

Latest Cricket News