भारत को इंग्लैंड के खिलाफ रविवार 10 जुलाई को सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला नॉटिंघम में खेलना है। टीम इंडिया मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों को जीतकर पहले ही अजेय बढ़त बना चुकी है। भारत 2-0 से आगे है और सीरीज उसके नाम हो चुकी है, पर कप्तान रोहित शर्मा का काम अभी पूरा नहीं हुआ, इतिहास रचने का मौका सामने है। अब हिटमैन की अगुवाई में टीम इंडिया की नजर इंग्लैंड में उस मुकाम को हासिल करने पर है जहां वे पहले कभी नहीं पहुंची। इस लक्ष्य को हासिल करने में नॉटिंघम का मैसम भी उसका साथ देता दिख रहा है।
तीसरे टी20 मैच के दौरान कैसा रहेगा नॉटिंघम का मौसम?
भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज के तीसरे टी20 मैच के दौरान नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज ग्राउंड के ऊपर आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। हालांकि सुबह थोड़े – बहुत बादल नजर आएंगे, लेकिन दिन के आगे बढ़ने के साथ, मैच के टाइम तक आसमान साफ हो जाएगा। भारतीय समय के अनुसार शाम 7.00 बजे मैच की पहली गेंद डाली जाएगी और तकरीबन रात के 11 बजे तक मैच खत्म होगा। इस दौरान, नॉटिंघम का मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। मैच के दौरान तापमान 24 डिग्री से 18 डिग्री के बीच रहेगा और आर्द्रता 46 फीसदी के आसपास होने का अनुमान है।
कैसा है ट्रेंट ब्रिज की पिच का मिजाज?
इंग्लैंड की अन्य पिचों की तरह ट्रेंट ब्रिज की पिच पर घास बिल्कुल नहीं होगी, बल्कि दिखने में इसका रंग कुछ हद तक भूरा होगा। यानी यहां स्पिनर्स का रोल बेहद अहम हो सकता है। ट्रेंट ब्रिज की पिच पर पहली पारी का औसत स्कोर 161 रन और दूसरी पारी का औसत स्कोर 143 रन है। यहां हुए 12 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में से सात मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीती है।
Latest Cricket News