1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: एक मैच खेलकर हो गया बाहर, अब ये खिलाड़ी कर रहा अपनी बारी का इंतजार

IND vs ENG: एक मैच खेलकर हो गया बाहर, अब ये खिलाड़ी कर रहा अपनी बारी का इंतजार

IND vs ENG: भारतीय क्रिकेट टीम जब 23 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के लिए उतरेगी तो सभी की नजर इस बात पर होगी कि क्या भारत की प्लेइंग इलेवन में साई सुदर्शन का नाम शामिल किया जाता है।

sai sudharsan- India TV Hindi
Image Source : GETTY साई सुदर्शन

 

India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच अब चौथा टेस्ट करीब है। अब तक सीरीज के तीन मैच खेले जा चुके हैं। इसमें से इंग्लैंड ने दो और भारतीय टीम ने एक में जीत दर्ज की है। यानी टीम इंडिया सीरीज में पीछे है, लेकिन भारत के पास अगला मैच जीतकर इसमें बराबरी का मौका है। इस बीच सवाल ये भी है कि क्या अगले मैच में साई सुदर्शन को फिर से मौका मिलेगा या फिर उन्हें बाहर ही बैठना पड़ेगा। उन्हें सीरीज में एक हीे मौका मिला, जिसमें उनका बल्ला नहीं चला और इसके बाद वे बाहर ही बैठे हैं। 

एक ही मैच खेल पाए हैं अब तक साई सुदर्शन

साई सुदर्शन को पहली बार टीम इंडिया के स्कवाड में शामिल किया गया है। मजे की बात ये ही कि टीम के ऐलान के बाद जैसे ही टीम इंडिया पहले मैच के लिए मैदान में उतरी तो उसकी प्लेइंग इलेवन में साई सुदर्शन का भी नाम शामिल था। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें तीन नंबर पर खेलने का मौका मिला। हालांकि उनका बल्ला उस तरह से नहीं चला, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। मैच की पहली पारी में तो साई सुदर्शन अपना खाता भी नहीं खोल पाए। यानी डेब्यू पारी में ही वे शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद इसी मैच की दूसरी पारी में उन्होंने 30 रन बनाए। 

भारतीय टीम हार गई थी पहला मुकाबला

खास बात ये रही कि अच्छा खेलने के बाद भी टीम इंडिया इस मैच को हार गई थी। इसका परिणाम ये हुआ कि अगले ही मैच की प्लेइंग इलेवन से साई सुदर्शन का नाम गायब हो गया। सीरीज के दूसरे मुकाबले में साई की जगह नंबर तीन पर करुण नायर को खेलने का मौका मिला, हालांकि रन तो वे भी नहीं बना पाए, लेकिन उन्हें लगातार चांस पर चांस दिए जा रहे हैं और साई एक ही मैच के बाद बाहर बैठे हैं। 

अब टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर रहेगी नजर

अब सीरीज करीब करीब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच रही है और साई एक ही मैच खेलकर बाहर बैठे हैं, ऐसे में सवाल यही है कि क्या करुण नायर को अब बाहर का रास्ता दिखा कर साई को वापस लाया जाएगा, ताकि दोनों खिलाड़ियों को बराबर का मौका मिले और उसके बाद तय हो पाए कि किसने बेहतर प्रदर्शन किया और कौन पीछे रह गया। 23 जुलाई को जब दोपहर तीन बजे टॉस होगा तो सभी की नजर कप्तान शुभमन गिल पर होगी कि वे किस प्लेइंग इलेवन का ऐलान करते हैं। 

Latest Cricket News