1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया को रचना पड़ेगा इतिहास, अब तक केवल तीन ही बार हुआ है ऐसा करिश्मा

टीम इंडिया को रचना पड़ेगा इतिहास, अब तक केवल तीन ही बार हुआ है ऐसा करिश्मा

भारतीय टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज पाएगी, इसकी संभावना काफी कम है। अगर शुभमन गिल की कप्तानी में ऐसा हुआ तो इतिहास के पन्नों में इसे दर्ज किया जाएगा।

shubman gill and yashaswi jaiswal- India TV Hindi
Image Source : GETTY शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल

India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज जारी है। अब तक तीन मैच हो चुके हैं। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया इस उम्मीद के साथ इंग्लैंड गई थी कि वहां से सीरीज जीतकर आएगी, लेकिन अब इस बात की संभावना काफी कम नजर आ रही है। तीन मैचों के बाद सीरीज में भारतीय टीम जहां खड़ी है, वहां से अब तक केवल तीन ही बार सीरीज जीत गई है और भारतीय टीम ने तो कभी भी ऐसा नहीं किया है। यानी अगर भारतीय टीम यहां से सीरीज जीतने में कामयाब हुई तो फिर अनोखा करिश्मा होगा और इतिहास रचा जाएगा। 

पांच मैचों की सीरीज में अब तक तीन बार हुआ है ऐसा कमाल

भारतीय क्रिकेट टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट की तैयारी कर रही है। अब यहां से अगर टीम इंडिया को सीरीज अपने नाम करनी है तो ऐसा काम करना होगा, जो इससे पहले कम से कम भारतीय टीम ने तो कभी नहीं किया। दरअसल जब से टेस्ट क्रिकेट का आगाज हुआ है, तब से लेकर अब तक पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में केवल तीन ही बार ऐसा हुआ, जब एक टीम तीन मैचों के बाद सीरीज में पीछे हो और उसके बाद लगातार दो मैच जीतकर टीम ने सीरीज अपने नाम कर ली हो। भारतीय टीम ने तो कभी ऐसा नहीं किया। 

शुभमन गिल को रचना पड़ेगा इतिहास

भारतीय टीम की बात की जाए तो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भी ऐसा नहीं हुआ है, जब टीम इंडिया ने 0-1 या 1-2 से पीछे होने के बाद पांच मैचों की सीरीज में जीत दर्ज की हो। यानी शुभमन गिल के सामने बड़ी और कड़ी चुनौती है। वैसे भी पहली बार एंडरसन तेंदुलकर ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है। अब यहां से अगर टीम इंडिया दोनों मैच बैक टू बैक जीते तो ही सीरीज जीती जा सकती है, अगर एक मैच जीता गया तो कोई बात नहीं बनेगी। 

आखिरी बार साल 1998 में हुआ था ऐसा करिश्मा

अब आपको उस सीरीज के बारे में भी बता देते हैं, जब पांच मैचों की सीरीज में कोई टीम तीन मैचों के बाद पीछे हो, उसके बाद भी सीरीज जीत ली गई हो। साल 1937 में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की सीरीज के पहले तीन मैचों तक ऑस्ट्रेलियाई टीम पीछे चल रही थी, लेकिन बाद में इसी टीम ने सीरीज को अपने नाम कर ली। साल 1992 में जब ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की सीरीज खेली जा रही थी, तब पहले तीन मैचों के बाद वेस्टइंडीज की टीम पीछे थी, लेकिन बाद में सीरीज जीत ली। साल 1998 में जब इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज खेली गई तो पहले तीन मैच के बाद इंग्लैंड की टीम पीछे थी, बाद में इसी टीम ने सीरीज अपने नाम कर ली। 

Latest Cricket News