1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ 1st ODI LIVE SCORE: न्यूजीलैंड ने 84 के स्कोर पर गंवाया अपना चौथा विकेट, लेथम सिर्फ तीन रन बनाकर हुए आउट
Live now

IND vs NZ 1st ODI LIVE SCORE: न्यूजीलैंड ने 84 के स्कोर पर गंवाया अपना चौथा विकेट, लेथम सिर्फ तीन रन बनाकर हुए आउट

भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ऑकलैंड में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। न्यूजीलैंड की टीम पहले बैटिंग कर रही है। आप यहां इस मैच का लाइव स्कोर देख सकते हैं।

india vs new zealand 1st ODI LIVE- India TV Hindi
Image Source : IANS भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला वनडे लाइव स्कोर

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का आगाज हो गया है। आज ऑकलैंड में पहला वनडे मैच हो रहा है। टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी है। न्यूजीलैंड की पहले बैटिंग है। सीरीज के दौरान पांच मैच हैं, जो काफी अहम हैं। भारतीय टीम पहले ही टी20 सीरीज अपने नाम कर चुकी है, उसकी कोशिश होगी कि यहां भी कुछ ऐसा ही किया जाए। इस मैच का लाइव स्कोर आप यहां नीचे देख सकते हैं, साथ ही हिन्दी में कमेंट्री भी पढ़ी जा सकती है। साथ ही हर अहम अपडेट भी आपको लगातार मिलता रहेगा।

आईसीसी विश्व कप 2027 की तैयारी शुरू

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम आज न्यूजीलैंड से पहला वनडे मुकाबला खेल रही है। सीरीज से अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी भी शुरू हो रही है। जो साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। टीम इंडिया के लिए इस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेल रहे हैं, इसलिए रोमांच अपने चरम पर है। भारत की बल्लेबाजी तो मजबूत है ही, लेकिन गेंदबाजी ने कुछ दिक्कतें दी हैं, देखना होगा कि टीम कैसा प्रदर्शन आज करती है। 

पहला ही मैच जीतना चाहेगी टीम इंडिया

टीम इंडिया की कोशिश होगी कि पहला ही मैच जीतकर सीरीज में बढ़त बनाई जाए, ताकि विरोधी टीम पर दबाव बनाया जा सके। हालांकि न्यूजीलैंड में भी कई अनुभवी और धाकड़ खिलाड़ी मौजूद हैं, जो भारतीय टीम के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। इस बात की पूरी संभावना है कि दोनों टीमों के बीच कड़ाके की टक्कर देखने को मिलेगी।

टॉस के वक्त क्या बोले कप्तान गिल

टॉस के वक्त भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि वे पहले बॉलिंग करेंगे। उनका कहना है कि थोड़ा ओवरकास्ट होंगे, इसका फायदा वे उठाना चाहते हैं। गिल ने कहा कि बोर्ड पर टारगेट होना अच्छा है। कप्तान ने कहा कि यहां की कंडीशन काफी कुछ साउथ अफ्रीका जैसी होंगी, जल्द ही टीम अपने आप को उसमें ढाल लेगी। 

रोहित शर्मा को न्यूजीलैंड में पहली सेंचुरी का इंतजार 

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अभी तक न्यूजीलैंड में कोई वनडे शतक नहीं लगा पाए हैं। ये बात सुनने में जरूर अजीब सी लगती है, लेकिन सच बात यही है। इस सीरीज के दौरान कुल पांच मैच होने हैं, उम्मीद है​ कि जो काम हिटमैन अब नहीं कर पाए हैं, वो इस बार हो जाए। वैसे भी रोहित इस वक्त अच्छे फॉर्म से गुजर रहे हैं। आज के मैच में भी उनकी बैटिंग पर नजर रहेगी।

Latest Cricket News

Live updates : india vs new zealand 1st odi live score

  • 9:26 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    न्यूजीलैंड ने 20 ओवर्स में बनाए 95 रन

    भारतीय टीम के ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले जा रहे वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर्स में चार विकेट के नुकसान पर 95 रन बना लिए हैं, जिसमें डेरिल मिचेल 27 रन जबकि ग्लेन फिलिप्स 4 रन बनाकर खेल रहे हैं। अभी तक गेंदबाजी में भारतीय टीम की तरफ से अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार ने 2-2 विकेट हासिल किए हैं।

  • 9:13 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    टॉम लेथम को गुरनूर बरार ने भेजा पवेलियन

    न्यूजीलैंड की टीम को ऑकलैंड वनडे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर 84 के स्कोर पर चौथा झटका टॉम लेथम के रूप में लगा है, जो सिर्फ तीन के निजी स्कोर पर गुरनूर बरार की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। अब डेरिल मिचेल का साथ देने बल्लेबाजी के लिए ग्लेन फिलिप्स मैदान पर उतरे हैं।

  • 9:08 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    न्यूजीलैंड ने 16 ओवर्स में बनाए 83 रन

    भारतीय टीम के खिलाफ ऑकलैंड में खेले जा रहे वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर्स का खेल खत्म होने के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 83 रन बना लिए हैं। डेरिल मिचेल 19 और टॉम लेथम तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।

  • 9:00 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    टीम सीफर्ट 38 रन बनाकर गुरनूर की गेंद पर हुए आउट

    न्यूजीलैंड की टीम 5 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम के खिलाफ ऑकलैंड के मैदान पर टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रही है, जिसमें 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने अपना तीसरा विकेट 73 के स्कोर पर टिम सीफर्ट के रूप में गंवा दिया है जो 43 गेंदों में 38 रनों की पारी खेलने के बाद गुरनूर बरार का शिकार बने। अब बल्लेबाजी करने मैदान पर टॉस लेथम उतरे हैं।

  • 8:50 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    13 ओवर का खेल खत्म

    अब तक 13 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड ने 2 विकेट पर 66 रन बना लिए हैं। टिम सिफर्ट 35 और डेरिल मिचेल 13 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों ही बल्लेबाज जबरदस्त खिलाड़ी हैं, भारत को अब यहां से कम से कम एक और विकेट चाहिए, ताकि साझेदारी को तोड़ा जा सके।

  • 8:32 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    10 ओवर का खेल पूरा

    अब तक न्यूजीलैंड की पारी के 10 ओवर हो चुके हैं। न्यूजीलैंड ने दो विकेट पर 45 रन बना लिए हैं। टिम सिफर्ट 23 और डेरिल मिचेल 4 रन बनाकर खेल रहे हैं। पहला पावरप्ले खत्म हो गया है। देखना है कि न्यूजीलैंड की टीम अब कैसे बैटिंग करती है।

  • 8:23 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    अर्शदीप सिंह को सफलता

    न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट गिर गया है। उन्हें अर्शदीप सिंह ने आउट किया। निकोल्स ने 11 बॉल पर 9 रन बनाए, इसमें दो चौके शामिल रहे। नमन धीर ने उनका शानदार कैच लपका। न्यूजीलैंड का स्कोर नौवें ओवर में दो विकेट पर 40 रन हो चुका है।

  • 8:11 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    6 ओवर में न्यूजीलैंड का स्कोर

    छह ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड ने अब तक एक विकेट के नुकसान पर 30 रन बना लिए हैं। टिम सिफर्ट 31 और नए बल्लेबाज हेनरी निकोल्स बिना खाता खोले अभी क्रीज पर हैं। विल यंग आउट होने वाले अकेले ​बल्लेबाज हैं।

  • 8:04 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    विल यंग आउट

    भारत को पहली सफलता मिली गई है। अर्शदीप सिंह ने सलामी बल्लेबाज विल यंग को आउट कर दिया है। वे 11 बॉल पर केवल 9 ही रन बना सके। इसमें दो चौके शामिल रहे। श्रेयस अय्यर ने उनका कैच लपका। न्यूजीलैंड का स्कोर अभी 22 रन है।

  • 7:53 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    पहले दो ओवर में बने 9 रन

    न्यूजीलैंड की पारी के पहले दो ओवर हो गए हैं। टीम ने 9 रन बना लिए हैं। लेकिन कोई विकेट नहीं गिरा है। भारत की कोशिश होगी कि जल्द से जल्द विकेट गिराया जाए।

  • 7:43 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    विल यंग और सिफर्ट करेंगे पारी का आगाज

    न्यूजीलैंड की सलामी जोड़ी मैदान पर आ चुकी है। विल यंग और टिम सिफर्ट पारी का आगाज करेंगे। भारत के लिए पहला ओवर अर्शदीप सिंह लेकर आए हैं। अभी पिच से जो फायदा मिलेगा, उसका फायदा उन्हें उठाना होगा।

  • 7:36 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    लक्ष्य का पीछा करने में टीम इंडिया का जवाब नहीं

    साल 2025 से लेकर अब तक भारतीय टीम ने जो भी वनडे मैच खेले हैं, उसमें ज्यादातर मैच चेज करते हुए जीते हैं। जनवरी 2025 से लेकर अब तक कुल 16 मैचों में भारत को लक्ष्य मिला है। इसमें से उसमें 14 में जीत मिली है, वहीं केवल दो ही हारे गए हैं। केवल दो ही बार हार मिली है और दोनों बार स्कोर 330 से अधिक रनों का था।

     

  • 7:31 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन

    टिम सीफर्ट, विल यंग, ​​हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, टॉम लैथम (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, जैकब डफी, ब्लेयर टिकनर।

  • 7:28 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    भारत की प्लेइंग इलेवन

    शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेट कीपर), नमन धीर, अंशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह।

  • 7:27 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    भारतीय टीम करेगी पहले गेंदबाजी

    कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। अब से कुछ ही देर बाद न्यूजीलैंड की टीम बैटिंग के लिए उतरेगी। भारत की कोशिश होगी कि न्यूजीलैंड को छोटे स्कोर पर रोका जाए। शुरुआती कुछ ओवर्स में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना है।

  • 7:18 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    करीब दस मिनट की देरी से होगा मुकाबला शुरू

    टॉस में देरी हो गई है, इसलिए मैच शुरू होने में भी देरी होगी। अभी तक जो जानकारी आई है, उससे पता चला है कि भारतीय समय अनुसार सात बजकर 40 मिनट पर पहली बॉल डाली जाएगी, जो सात बजकर 30 मिनट पर डाली जानी थी।

  • 7:15 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    सात बजकर 20 मिनट पर होगा टॉस

    इस बीच अच्छी खबर आ रही है। अब से कुछ ही देर बाद यानी सात बजकर 20 मिनट पर टॉस होगा, इसका ऐलान हो गया है। इसके बाद मैच शुरू हो जाएगा। इस वक्त दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर हैं और वार्मअप कर रहे हैं।

  • 7:10 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    मौसम हुआ साफ, थोड़ी देर में होगा टॉस

    मौसम खुल चुका है। यानी फिलहाल बारिश बंद है। अंपायर मैदान का निरीक्षण करेंगे, उसके बाद बताएंगे कि कितने बजे टॉस होगा और फिर मैच कितने बजे से शुरू होगा। अब बहुत ज्यादा देरी होते हुए नहीं दिख रही है।

  • 7:03 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    हल्की बारिश से टॉस में देरी

    इस वक्त ऑकलैंड में बहुत हल्की बारिश हो रही है। इसलिए टॉस अभी तक नहीं हो पाया है। सात बजे टॉस हो जाना चाहिए था, लेकिन इसमें देरी हो रही है। हालांकि ज्यादा चिंता की बात नहीं है, क्योंकि उम्मीद है कि जल्द ही मौसम खुल जाएगा। आसमान में बहुत ज्यादा बादल नहीं हैं।

  • 6:58 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन

    टिम सीफर्ट, विल यंग, ​​डेरिल मिचेल, टॉम लैथम (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, जैकब डफी, मैट हेनरी।

  • 6:56 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

    रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेट कीपर), अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह। 

  • 6:51 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    लंबे समय बाद टीम इंडिया खेल रही है पांच मैचों की वनडे सीरीज

    भारतीय टीम करीब सात साल और आठ महीने बाद पांच मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। इससे पहले भारत ने साल 2019 में पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इसकी वजह अगले साल का वनडे विश्व कप है। जिसकी तैयारी शुरू हो चुकी है।

  • 6:42 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    कैसी होगी आज के मैच की पिच

    ऑकलैंड की पिच टी20 मुकाबले से थोड़ी अलग होने की उम्मीद है। ऐसे में बल्ले और गेंद के बीच अच्छी जंग देखने को मिल सकती है। तेज गेंदबाजों के लिए उछाल की उम्मीद है। नई गेंद के साथ बल्लेबाजों के लिए सामना करना आसान नहीं रहने वाला है। मैच के न्यूजीलैंड समय अनुसार दोपहर तीन बजे शुरू होगा।

  • 6:39 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    आज के मैच में बारिश की नहीं है संभावना

    आज ऑकलैंड के मौसम की बात करें तो मौसम ज्यादातर साफ रहेगा। खेल के बीच कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए। दिन में दोपहर 3 बजे तक बारिश की संभावना 20 से 25 प्रतिशत तक है। रात के 9 बजे बारिश की संभावना 20 प्रतिशत है, ऐसे में बारिश के चलते अधिक खलल पड़ने की संभावना नहीं है।

  • 6:35 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    न्यूजीलैंड की पूरी टीम

    हेनरी निकोल्स, विल यंग, ​​टॉम लैथम (विकेट कीपर), डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, जैकब डफी, नाथन स्मिथ, मैथ्यू फिशर, ब्लेयर टिकनर, टिम सीफर्ट, काइल जैमीसन। 

  • 6:33 AM (IST) Posted by Pankaj Mishra

    भारत की पूरी टीम

    रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेट कीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, नमन धीर, औकिब नबी, रुतुराज गायकवाड़, ईशान किशन।