1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान के जिस खिलाड़ी ने टीम इंडिया के खिलाफ खेली मैच जिताऊ पारी, PCB ने उसी की कर दी छुट्टी

पाकिस्तान के जिस खिलाड़ी ने टीम इंडिया के खिलाफ खेली मैच जिताऊ पारी, PCB ने उसी की कर दी छुट्टी

Asia Cup: टी20 एशिया कप में अब तक तीन बार भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ है। इसमें से दो बार भारत और केवल एक ही बार पाकिस्तानी टीम ने जीत दर्ज की है। यानी टीम इंडिया का पलड़ा भारी है।

mohammad rizwan- India TV Hindi
Image Source : GETTY मोहम्मद रिजवान

Asia Cup 2025: भारत बनाम पाकिस्तान क्रिकेट मैच का रोमांच एक बार फिर से होने वाला है। एशिया कप का आगाज 9 सितंबर से होगा, लेकिन सबसे बड़ा यानी भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान की टीमों का ऐलान कर दिया गया है। टी20 एशिया कप के इतिहास में दोनों टीमें अब तक तीन बार आमने सामने हुई हैं, इसमें दो बार टीम इंडिया और एक बार पाकिस्तान ने बाजी मारी है। जो मैच पाकिस्तान ने जीता था, उसके सबसे बड़े मैच विनर की ही इस बार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने टीम से छुट्टी कर दी है। 

सूर्यकुमार यादव करेंगे टीम इंडिया की कप्तानी, सलमान अली आगा के पास पाकिस्तान की कमान

एशिया कप में इस बार जहां टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव को दी गई है, वहीं पाकिस्तान की कप्तानी सलमान अली आगा करते हुए नजर आएंगे। एशिया कप का आयोजन तो बहुत पहले से हो रहा है, लेकिन साल 2016 में पहली बार टी20 फॉर्मेट पर ये खेला गया था। तब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने सामने हुई थीं। उस मैच को भारतीय टीम ने 5 विकेट से अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की थी। इसके बाद जब साल 2022 में दूसरी बार टी20 पर एशिया कप खेला गया तो दो बार दोनों टीमों के बीच भिड़ंत हुई। 

साल 2022 के टी20 एशिया कप में एक मैच में मिली थी टीम इंडिया को हार

साल 2022 में जो दो मैच खेले गए, उसमें से एक मुकबला भारत ने अपने नाम किया और दूसरे में पाकिस्तान ने पांच विकेट से जीत दर्ज की थी। जिस मैच में पाकिस्तानी टीम जीती थी, उसके सबसे बड़े हीरो मोहम्मद रिजवान थे। बाबर आजम की कप्तानी में खेले गए इस मुकाबले में मोहम्मद रिजवान ने 71 रनों की पारी खेली थी। रिजवान ने 51 बॉल पर 6 चौकों और दो छक्कों की मदद से इतनी शानदार पारी खेली थी। 

इस बार फिर होगा भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला

इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए थे, लेकिन जब पाकिस्तानी टीम उतरी तो उसने 19.5 ओवर में ही जरूर रन पांच विकेट खोकर बना लिए थे। इसके बाद टी20 एशिया कप में कभी भारत और पाकिस्तान की टक्कर नहीं हुई। इस बार जरूर टीमें आमने सामने होने जा रही हैं। 

इस बार दो से तीन बार हो सकती है दोनों टीमों की टक्कर

वैसे तो अभी तक लीग चरण में ही भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होगा, लेकिन जिस तरह का शेड्यूल बनाया गया है, उससे साफ है कि इस बार भी एक नहीं दो मुकाबले दोनों टीमें आपस में खेलेंगी। अगर शेड्यूल पर नजर डालें तो पाते हैं कि पहले मुकाबला 14 और दूसरी बार आमना सामना 21 सितंबर को संभावित है। वहीं अगर भारत और पाकिस्तान ने फाइनल तक का सफर तय किया तो तीसरा मैच भी हो सकता है। एशिया कप का फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा। इसी दिन एशिया कप का नया चैंपियन भी मिल जाएगा। 

Latest Cricket News