1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs THA एशिया कप मैच में भारतीय टीम ने थाईलैंड को दिया 160 रनों का लक्ष्य, यहां देखें LIVE Score
Live now

IND vs THA एशिया कप मैच में भारतीय टीम ने थाईलैंड को दिया 160 रनों का लक्ष्य, यहां देखें LIVE Score

ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 में सात बार की चैंपियन भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ कर रही है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे ग्रुप ए के इस मुकाबले में भारत की नजर जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करने पर है।

Asia Cup 2026- India TV Hindi
Image Source : AFP भारत बनाम थाईलैंड

सात बार की चैंपियन भारतीय महिला क्रिकेट टीम एक बार फिर एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के इरादे से एक्शन में है। महिला एशिया कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भारत का सामना थाईलैंड से दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है। टूर्नामेंट में दमदार शुरुआत के लिए भारतीय टीम की नजर बड़ी जीत पर है। थाईलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता मिलने पर टीम इंडिया ने धमाकेदार अंदाज में पारी का आगाज किया, लेकिन फिर थाईलैंड ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए भारत की पूरी टीम 9 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। इस तरह थाईलैंड को जीत के लिए 160 रन बनाने होंगे। थाईलैंड की ओर से सुलीपोर्न लाओमी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा ने अर्धशतक जड़ा। शैफाली ने 36 गेंदों पर 64 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के जड़े। शैफाली के आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई।

भारत और थाईलैंड के बीच यह मुकाबला ग्रुप ए में खेला जा रहा है। भारतीय टीम टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है और उसके खाते में सात एशिया कप खिताब हैं। ऐसे में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करने के साथ-साथ शुरुआती मुकाबले में अपने प्रदर्शन से बाकी टीमों को भी संदेश देना चाहेगी। भारत बनाम थाईलैंड मुकाबले का लाइव स्कोर और मैच से जुड़े सभी अपडेट यहां देख सकते हैं।

थाईलैंड की टीम भारत के खिलाफ आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरी है। उसने टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में हांगकांग चीन को 6 रन से हराकर जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया था। इस जीत ने थाईलैंड के हौसले बढ़ा दिए हैं और वह भारत के खिलाफ भी उलटफेर करने की कोशिश करेगी। भारत के लिए मुकाबला सिर्फ 2 पॉइंट हासिल करने का मौका नहीं है, बल्कि टूर्नामेंट में अपनी लय तय करने का भी अवसर है। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कई अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी है। ऐसे में भारतीय टीम थाईलैंड पर शुरुआत से दबाव बनाने की कोशिश करेगी।

दूसरी ओर, थाईलैंड की टीम भारत जैसी मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ बिना किसी दबाव के खेलने का फायदा उठाना चाहेगी। हांगकांग के खिलाफ मिली करीबी जीत के बाद उसका आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। वूमेन्स एशिया कप 2026 में भारत को ग्रुप ए में पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग चीन के साथ रखा गया है। टीम इंडिया की कोशिश ग्रुप चरण में मजबूत प्रदर्शन कर अगले दौर में अपनी जगह पक्की करने की होगी।

 

Latest Cricket News

Live updates : IND vs THA Live Score Asia Cup 2026

  • 9:57 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    भारत को मिली दूसरी सफलता

    थाईलैंड की पारी का आगाज हो चुका है, लेकिन 3.1 ओवर के भीतर 2 बल्लेबाज पवेलियन लौट गईं हैं। नंदिनी शर्मा ने भारतीय टीम को दूसरी सफलता दिलाई है।

  • 9:27 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    थाईलैंड को मिला 160 रनों का लक्ष्य

    एशिया कप 2026 के अपने पहले मैच में भारतीय टीम 9 विकेट खोकर 159 रन बनाने में सफल रही। अब थाईलैंड को जीत के लिए 160 रन बनाने होंगे। थाईलैंड की ओर से सुलीपोर्न लाओमी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए।

  • 9:17 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    ऑलआउट से एक विकेट दूर टीम इंडिया

    भारतीय टीम ऑलआउट के करीब पहुंच गई है। नंदिनी शर्मा 1 रन पर चानिदा सुत्तिरुअंग का शिकार बन गई हैं।

  • 9:15 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    प्रेमा रावत लौटी पवेलियन

    प्रेमा रावत के रूप में टीम इंडिया का 8वां विकेट गिर गया है। थाईलैंड की कसी हुई गेंदबाजी के आगे भारतीय टीम ऑलआउट के करीब पहुंच गई है।

  • 9:12 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    7वां विकेट गिरा

    भारत के विकेटों की झड़ी लग गई है। भारती फुलमाली सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गई हैं। इस तरह टीम इंडिया को 7वां झटका लग गया है। अब टीम इंडिया पर ऑलआउट होने का खतरा मंडरा रहा है।

  • 9:08 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    दीप्ति शर्मा आउट

    दीप्ति शर्मा रन आउट हो गई हैं। इस तरह टीम इंडिया को छठा झटका लग गया है। थाईलैंड के गेंदबाजों ने मैच में जबरदस्त पलटवार किया है। अब पारी में 4 ओवर बचे हैं। टीम इंडिया का स्कोर - 133/6.

  • 8:58 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    आधी टीम आउट

    2 ओवर के भीतर भारतीय टीम के 3 और विकेट गिर गए हैं। इस तरह आधी टीम 13 ओवर में 116 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। 12वें ओवर में हरमनप्रीत कौर सिर्फ 5 रन बनाकर चलती बनी। अगले ही ओवर में बैक टू बैक गेंद पर शैफाली वर्मा और ऋचा घोष भी आउट हो गईं। शैफील ने 64 रन बनाए। वहीं, ऋचा अपना खाता भी नहीं खोल पाईं।

  • 8:56 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    100 रन के पार टीम इंडिया

    10वें ओवर में भारतीय महिला टीम ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। थाईलैंड के गेंदबाज रनों पर अंकुश लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

  • 8:54 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    शैफाली ने जड़ा अर्धशतक

    शैफाली वर्मा ने 26 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया है। हालांकि, 9 ओवर पूरा होने के साथ ही प्रतिका रावल पवेलियन लौट गई हैं। रावल ने 18 गेंदों पर 22 रन बनाए।

  • 8:33 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    6 ओवर समाप्त

    भारत ने पावरप्ले खत्म होने तक 6 ओवर में 1 विकेट खोकर 65 रन का स्कोर बनाया। वूमेन्स T20 एशिया कप के पावरप्ले में यह किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है।

  • 8:13 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    पहला विकेट गिरा

    शैफाली और स्मृति ने धुआंधार अंदाज में पारी का आगाज किया है। 3 ओवर में ही टीम का स्कोर 38 रन पहुंच गया है। हालांकि, मंधाना तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर रन आउट हो गई हैं।

  • 8:01 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    भारतीय पारी का आगाज

    भारतीय पारी का आगाज हो चुका है। स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा मैदान पर उतर चुकी हैं। 

  • 7:59 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    प्लेइंग इलेवन

    भारत (प्लेइंग इलेवन): शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, एन श्री चरणी,  क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा।

  • 7:58 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    प्लेइंग 11

    थाईलैंड (प्लेइंग इलेवन): अपिसारा सुवानचोनराथी, फन्निता माया, नन्नापत कोनचारोएनकाई (विकेटकीपर), नट्टाकन चंथम, चानिदा सुथिरुआंग, नाओमी हैमिल्टन, सुलेपोर्न लाओमी, नन्नाफट चाइहान, सुनिदा चतुरोंग्रट्टाना, ओनिचा कामचोम्फु, थिपाचा पुथावोंग (कप्तान)

  • 7:36 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    भारत की पहले बैटिंग

    थाईलैंड की महिला क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। 

  • 7:30 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    प्रतिका रावल का T20I डेब्यू

    प्रतिका रावल को कप्तान हरमनप्रीत कौर से अपनी पहली T20I कैप मिली है और वह डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

  • 7:14 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    थोड़ी देर में टॉस

    भारत बनाम थाईलैंड मैच में टॉस भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बज होगा। इसके आधे घंटे बाद रात 8 बजे से मुकाबले का आगाज होगा।

  • 7:10 PM (IST) Posted by Vanson Soral

    भारत बनाम थाईलैंड

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशिया कप 2026 में एक्शन के लिए तैयार है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया थाईलैंड का सामना करने के लिए तैयार है।