1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs UAE: क्या है दुबई की पिच रिपोर्ट, रनों का लगेगा अंबार या फिर गेंदबाज रहेंगे हावी

IND vs UAE: क्या है दुबई की पिच रिपोर्ट, रनों का लगेगा अंबार या फिर गेंदबाज रहेंगे हावी

​एशिया कप के दूसरे मुकाबले में 10 सितंबर को भारत और यूएई की टीमें आमने सामने होंगी। ये मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर खेला जाएगा।

suryakumar yadav and axar patel- India TV Hindi
Image Source : GETTY सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल

IND vs UAE: एशिया कप का आगाज होने को है। भारतीय टीम टूर्नामेंट के दूसरे दिन यानी 10 सितंबर को मैदान में उतरेगी। टीम इंडिया का पहला मुकाबला यूएई से होगा। ये मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। चलिए जरा समझने की कोशिश करते हैं कि इस मैच के लिए दुबई की पिच कैसी होगी। क्या यहां खूब रन बनेंगे या फिर गेंदबाज हावी होते हुए  नजर आएंगे। 

चैंपियंस ट्रॉफी में भी टीम इंडिया ने दुबई में खेले थे अपने मैच

भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी में भी अपने मुकाबले यहीं यानी दुबई में ही खेले थे। हालांकि तब वहां का मौसम अभी के जैसा नहीं था, लेकिन अब सितंबर है और दुबई में खूब गर्मी पड़ रही है। इसका असर पिच पर भी नजर आएगा। हालांकि तब भारतीय टीम को पहले से इस्तेमाल की गई पिच मिली थी। इसलिए वो स्पिनर्स के लिए मददगार साबित हुई थीं। आपको शायद याद होगा कि तब भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार स्पिनर्स को मौका दिया था, तब इस पर सवाल भी उठे थे, लेकिन बाद में पता चला कि ये सही निर्णय था। 

अभी दुबई में पड़ रही है जबरदस्त गर्मी

अभी की बात करें तो दुबई में गर्मी काफी पड़ रही है। इसलिए मैचों के समय में भी बदलाव किया गया है। पहले मुकाबले शाम साढ़े सात बजे से शुरू होना तय किया गया था, लेकिन अब इनका समय आधे घंटे बढ़ाकर रात आठ बजे कर दिया गया है। इससे आधे घंटे पहले यानी साढ़े सात बजे टॉस किया जाएगा। इस बीच अगर वहां की पिच की बात की जाए तो माना जा रहा है कि दुबई की पिच अभी ताजा होगी और गेंदबाजों को अच्छा उछाल मिलेगा। शुरू में कुछ वक्त के लिए तेज गेंदबाजों की मदद रहेगी, उसके बाद भले ही पिच थोड़ी स्पिनर्स के लिए मददगार सा​बित हो जाए। यानी बल्लेबाजों ने अगर शुरुआत में कुछ देर संभलकर खेल लिया तो फिर उनके पास मौका होगा कि वे बड़ा स्कोर बना जाएं। हालांकि पहला मैच होने के बाद ही पता चलेगा कि अभी के मौसम में पिच कैसा व्यवहार करेगी। 

ऐसा है भारत बनाम यूएई हेड टू हेड रिकॉर्ड

इस बीच भारत बनाम यूएई टी20 इंटरनेशनल मैचों की बात की जाए तो इन दोनों के बीच अब तक एक ही मुकाबला हुआ है। साल 2016 के एशिया कप में ही भारत और यूएई के बीच टक्कर हुई थी, जिसे टीम इंडिया ने बड़ी आसानी से नौ विकेट से अपने नाम कर लिया था। इतना ही नहीं, भारत और यूएई के बीच अब तक तीन वनउे मैच हुए हैं, उसे भी भारतीय टीम ने ही अपने नाम किया है। साल 2024 के टी20 विश्व कप से लेकर अब तक भारतीय टीम ने 24 टी20 इंटरनेशनल मैच अपने नाम किए हैं, उसे केवल तीन ही मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। यानी भारत के सामने यूएई की कड़ी परीक्षा होगी। 

Latest Cricket News