1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs WI 1st Test: भारत की प्लेइंग इलेवन में 9 नाम पक्के, दो स्पॉट के लिए अभी भी संघर्ष जारी

IND vs WI 1st Test: भारत की प्लेइंग इलेवन में 9 नाम पक्के, दो स्पॉट के लिए अभी भी संघर्ष जारी

IND vs WI: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 2 अक्टूबर से भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इसकी प्लेइंग इलेवन को लेकर अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।

shubman gill and yashashwi jaiswal- India TV Hindi
Image Source : GETTY शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल

India vs West Indies Probable Playing XI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 2 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। पहला मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके लिए दोनों टीमें तैयार हैं। मैच में अब ज्यादा देरी नहीं हैं। ऐसे में ये समझा जाना चाहिए कि भारतीय टीम किस प्लेइंग इलेवन के साथ इस मैच में मैदान में उतरेगी। वैसे अगर टीम को देखा जाए तो लग रहा है कि भारत के 9 प्लेयर्स के नाम तो तय हैं, जिनका खेलना करीब करीब तय है, अब बस दो स्पॉट के लिए जद्दोजहद हो रही हैं। चलिए जरा भारत की प्लेइंग इलेवन क्या होगी, ये जानते हैं। 

केए राहुल और जायसवाल करेंगे पारी का आगाज, साई सुदर्शन नंबर तीन और कप्तान नंबर चार पर खेलेंगे

वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट भारत के लिए ओपनिंग की जिम्मेदारी एक बार फिर से केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल निभाते हुए नजर आएंगे। इंग्लैंड के खिलाफ भी इन्हीं दोनों ने सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाई थी, जो काफी हद तक कामयाब भी रहे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए साई सुदर्शन का आना करीब तय है। इसके बाद नंबर चार पर खुद कप्तान शुभमन गिल आएंगे। शुभमन गिल जब से टेस्ट टीम के कप्तान बने हैं, तब से वे इसी नंबर पर खेल रहे हैं और उन्हें ये नंबर रास भी आ रहा है। इंग्लैंड में इसी नंबर पर खेलते हुए गिल ने खूब रन बनाए थे। 

कीपर की जिम्मेदारी निभाएंगे ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा और सुंदर का खेलना भी तय

ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में इस सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका ध्रुव जुरेल निभाते हुए नजर आएंगे। भारत में मुकाबला है, इसलिए दो से तीन स्पिनर्स का होना बिल्कुल तय है। रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर इसमें जगह बनाते हुए नजर आते हैं। तेज गेंदबाज के रूप में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का नाम बिल्कुल तय सा नजर आता है। ये वो नौ खिलाड़ी हमने आपको बता दिए हैं, जो इस मैच की प्लेइंग इलेवन में खेलते हुए नजर आएंगे। अब बाकी दो स्पॉट की बात की जाए तो वहां पर मामला फंसा हुआ सा नजर आता है। 

दो प्लेयर्स के नाम का फैसला कप्तान शुभमन गिल मैच के दिन ही करेंगे

बाकी दो खिलाड़ी इस बात पर निर्भर करेंगे कि पिच का मिजाज कैसा है। क्या तीसरे स्पिनर के रूप में अक्षर पटेल को जगह मिलेगी या फिर पेस आलराउंडर के तौर पर नितीश कुमार रेड्डी को जगह मिलेगी। कुलदीप यादव भी एक अहम विकल्प हैं, जिन्होंने हाल ही में एशिया कप में कमाल का खेल दिखाया है। लेकिन उनके साथ दिक्कत ये है कि वे बल्लेबाजी में कोई योगदान नहीं दे पाते हैं। भारतीय टीम कितने नंबर तक बल्लेबाजी चाहती है, ये देखना भी दिलचस्प होगा। माना जा रहा है कि मैच के दिन सुबह पिच और मौसम को देखते हुए ही कप्तान शुभमन गिल आखिरी प्लेइंग इलेवन का फैसला करेंगे। 

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज। 

यह भी पढ़ें 

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रेयस अय्यर ने ठोक दिया धमाकेदार शतक, इस खिलाड़ी ने भी जड़ी सेंचुरी

पाकिस्तानी खिलाड़ी ने किया आईसीसी रैंकिंग में टॉप, इस भारतीय खिलाड़ी को हुआ नुकसान

Latest Cricket News