1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND Vs ZIM: तीसरे टी20 में भारत ने जिम्बाब्वे को 92 रनों से हराया, 3-0 से सीरीज किया अपने नाम

IND Vs ZIM: तीसरे टी20 में भारत ने जिम्बाब्वे को 92 रनों से हराया, 3-0 से सीरीज किया अपने नाम

भारत बनाम जिम्बाब्वे तीन मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच आज रायपुर में खेला गया। इस मैच में जिम्बाब्वे को भारत ने 92 रनों से हरा दिया और सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया।

IND W vs ZIM W- India TV Hindi
Image Source : GETTY भारत महिला बनाम जिम्बाब्वे महिला

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच खेला गया। इस मैच को टीम इंडिया ने 92 रनों से अपने नाम कर सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। इस मैच में टीम इंडिया की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 124 रन ही बना सकी। भारत की तरफ से शैफाली वर्मा ने 69 रन की पारी खेली। वहीं हरमनप्रीत कौर 41 गेंदों में 91 रन बनाकर नाबाद लौटी।

भारतीय महिला टीम ने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और 7 विकेट के नुकसान पर 217 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारतीय पारी की शुरुआत में शेफाली वर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 37 गेंदों में ताबड़तोड़ 69 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा अनुष्का शर्मा ने भी टीम के लिए 20 गेंदों में 28 रनों का अहम योगदान दिया। पारी के अंत में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात कर दी और नाबाद रहते हुए सिर्फ 41 गेंदों में धुआंधार 91 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 शानदार चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। जिम्बाब्वे की गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजों ने खुलकर रन बटोरे और टीम को एक बहुत ही मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट पर 124 रन ही बना पाई। शुरुआत बहुत खराब रही और पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले विकेट गिर गया और देखते ही देखते 12 रन के स्कोर पर उनके 2 खिलाड़ी आउट हो गए थे। इसके बाद शार्न मायर्स और बिजा ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश जरूर की, लेकिन रन बनाने की रफ्तार बहुत धीमी हो गई, जिसकी वजह से पूरी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 124 रन ही बना सकी।

इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत महिला: शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना (कप्तान), अनुष्का शर्मा, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत

जिम्बाब्वे महिला: न्याशा ग्वानज़ुरा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, बिलव्ड बिजा, जोसेफ़िन नकोमो (कप्तान), मोडेस्टर मुपाचिकवा (विकेटकीपर), मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिंडर चारे, तेंदई मकुशा, शार्ने मेयर्स

Latest Cricket News