टेस्ट क्रिकेट में भारत ने पहली बार किया ऐसा कारनामा, इतने कम रनों से जीतकर लिखा नया इतिहास
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच में जीत दर्ज कर ली। भारतीय गेंदबाजों के आगे अंग्रेज बल्लेबाज टिक नहीं पाए और बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए।
Indian Cricket Team: भारतीय क्रिकेट टीम ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को पांचवें टेस्ट मुकाबले में 6 रनों से हरा दिया। इस मैच में भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज ने कमाल की गेंदबाजी की और भारत के लिए सबसे बडे़ हीरो साबित हुए। मैच में जीत दर्ज करते ही भारतीय टीम ने सीरीज में 2-2 से बराबरी हासिल कर ली।
भारत ने पहली बार 10 रनों से कम में जीता टेस्ट मैच
भारतीय टीम ने 6 रनों से जीतते ही टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। टेस्ट में भारत की ये सबसे कम रनों से जीत है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब भारत ने टेस्ट में 10 रनों से कम से कोई टेस्ट मैच जीता हो। इससे पहले टीम इंडिया ऐसा नहीं कर पाई थी। अब शुभमन गिल कप्तानी में भारतीय टीम ने सुनहरा कीर्तिमान बनाया है। इससे पहले भारत ने साल 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 13 रनों से मुकाबला जीता था, जो उसकी टेस्ट में सबसे कम रनों से जीत थी। अब टीम इसे पीछे छोड़ चुकी है।
मोहम्मद सिराज ने हासिल किए पांच विकेट
पांचवें टेस्ट मैच में भारत ने इंग्लैंड को जीतने के लिए 374 रनों का टारगेट दिया था, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 367 रनों पर ही सिमट गई। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा 9 विकेट अपने नाम किए। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा के खाते में 8 विकेट गए। इन दोनों की वजह से ही भारतीय टीम मुकाबला जीतने में सफल रही है। इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में जो रूट और हैरी ब्रूक ने शतक लगाए। लेकिन ये प्लेयर्स टीम को जीत नहीं दिला पाए।
भारतीय टीम सीरीज कर ली बराबरी
भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने 336 रनों से वापसी की और सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली थी। फिर तीसरे टेस्ट में भारतीय टीम के जीतने के पूरे चांस थे, लेकिन अंतिम में बाजी इंग्लैंड के हाथ लगी और वह 22 रनों से हार गई। चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था। अब पांचवें टेस्ट सीरीज में भारत ने 6 रनों से जीत हासिल कर ली और सीरीज में 2-2 से बराबरी भी कर ली।
यह भी पढ़ें:
WTC Points Table: टीम इंडिया ने लगा दी बहुत लंबी छलांग, इंग्लैंड को भयंकर नुकसान
