1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय टीम को WTC Points Table में बांग्लादेश की हार से मिला फायदा, पहुंची इस पोजीशन पर

भारतीय टीम को WTC Points Table में बांग्लादेश की हार से मिला फायदा, पहुंची इस पोजीशन पर

बांग्लादेश की टीम अपने घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है, जिसके पहले मुकाबले में उनको 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है और इसका फायदा टीम इंडिया को WTC 2025-27 की प्वाइंट्स टेबल में मिला है।

Bangladesh vs West Indies- India TV Hindi
Image Source : AFP बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज

बांग्लादेश की टीम अपने घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है जो मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के साइकल का भी हिस्सा है। दोनों टीमों के बीच में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला गया और इसमें मेजबान बांग्लादेश की टीम को 8 विकेट से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज की जीत के साथ इसका सीधा फायदा भारतीय क्रिकेट टीम को WTC 2025-27 की प्वाइंट्स टेबल में मिला जिसमें अब टीम इंडिया पांचवें पायदान से एक स्थान ऊपर चौथे नंबर पर पहुंच गई है और उसके लिए अब फाइनल में अपनी जगह बनाने का रास्ता थोड़ा आसान हो गया है।

बांग्लादेश को हार से हुआ नुकसान, टीम इंडिया 5वें नंबर पर पहुंची

वेस्टइंडीज की टीम को पहले टेस्ट मैच की चौथी पारी में ढाका के मैदान पर जीत हासिल करने के लिए 170 रनों का टारगेट मिला था, जिसको वह 2 विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल करने में कामयाब हो गए, जिसमें ब्रैंडन किंग ने 81 तो वहीं जॉन कैम्पबेल ने 49 रनों की अहम पारी खेली। बांग्लादेश को मिली इस मैच में हार के बाद अब वह WTC 2025-27 की प्वाइंट्स टेबल में 5वें नंबर पर पहुंच गए हैं, जिसमें उनके कुल अंक प्रतिशत 55.56 से घटकर अब 47.62 हो गए हैं। वहीं टीम इंडिया को इसका सीधा फायदा मिला है, जिसमें पहले वह पांचवीं पोजीशन पर थी लेकिन अब सीधे चौथे नंबर पर पहुंच गई है। भारतीय टीम के अभी मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के साइकल में कुल अंक प्रतिशत 51.52 हैं। वेस्टइंडीज को इस जीत का अधिक फायदा नहीं मिला जिसमें पहले भी वह 8वीं पोजीशन पर थी तो अभी भी वह इस नंबर पर मौजूद है, लेकिन उनके अंकों का प्रतिशत बढ़कर 26.92 हो गया है।

टीम इंडिया के लिए न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज रहेगी काफी अहम

भारतीय टीम अभी न्यूजीलैंड के दौरे पर है और वहां पर उनको 19 नवंबर से मेजबान टीम के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। टीम इंडिया को यदि मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के साइकल में फाइनल में पहुंचने की रेस में खुद को शामिल रखना है तो इस टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करना होगा, जिसके दम पर वह WTC 2025-27 की प्वाइंट्स टेबल में अपनी पोजीशन को और भी मजबूत कर सकती है।

ये भी पढ़ें

ध्रुव जुरेल ने बचाई टीम इंडिया की लाज, 99 रन बनाकर नाबाद लौटे, टीम इंडिया का स्कोर 291/7

टेस्ट क्रिकेट में कगिसो रबाडा का ऐतिहासिक मुकाम, सबसे तेज 350 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बने

Latest Cricket News