A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सूर्यकुमार यादव पर मंडराया टीम से बाहर होने का खतरा, BCCI ले सकता है बड़ा फैसला

सूर्यकुमार यादव पर मंडराया टीम से बाहर होने का खतरा, BCCI ले सकता है बड़ा फैसला

भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपनी कप्तानी में जिताने वाले सूर्यकुमार यादव पर टीम इंडिया से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है, जिसमें उनके लिए जून-जुलाई में इंग्लैंड और आयरलैंड का दौरा काफी अहम रहने वाला है।

Suryakumar Yadav- India TV Hindi
Image Source : AFP सूर्यकुमार यादव

भारतीय टीम के अभी अधिकतर खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में खेलने में व्यस्त हैं, जिसमें एक नाम टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का भी शामिल है, जिनका बल्ले से कोई खास प्रदर्शन अब तक देखने को नहीं मिला है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 को भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अपने नाम किया था, लेकिन उनके बल्लेबाजी फॉर्म को लेकर लगातार सवाल उठते हुए दिख रहे थे। अब भविष्य को ध्यान में रखते हुए सूर्या पर टीम इंडिया से बाहर होने का खतरा भी मंडरा रहा है। टीम इंडिया को साल 2028 में ओलंपिक खेलों के अलावा टी20 वर्ल्ड कप में भी खेलना है जिसमें सूर्यकुमार यादव के लिए अपनी जगह बना पाना काफी मुश्किल काम दिख रहा है।

इंग्लैंड और आयरलैंड का दौरा सूर्यकुमार यादव के लिए रहेगा बेहद अहम

भारतीय टीम को अपनी अगली टी20 सीरीज इस साल जून-जुलाई के महीने में इंग्लैंड और आयरलैंड के दौरे पर खेलनी है, जो सूर्यकुमार यादव के लिए एक कप्तान के रूप में तो नहीं लेकिन एक बल्लेबाज के तौर पर काफी अहम रहने वाली है। साल 2025 सूर्या के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा था, जिसमें वह जहां सिर्फ 120 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए दिखाई दिए थे, तो वहीं एक भी फिफ्टी नहीं लगा सके थे। हालांकि साल 2026 में सूर्या के बल्ले से चार अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वह सिर्फ यूएसए के खिलाफ मैच में बड़ी पारी खेलने में कामयाब हो सके थे। बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए अपने बयान में कहा कि सूर्या अभी टीम की कप्तानी कर रहे हैं। लेकिन उन्हें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि एक बल्लेबाज के रूप में वह अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखें। इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे में वह कप्तानी करेंगे, लेकिन उसके बाद 2028 तक की चर्चा पूरी तरह से प्रदर्शन पर आधारित हो सकती है।

वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में हो सकती है एंट्री

आईपीएल 2026 में अपनी प्रतिभा से सभी का दिल जीतने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में एंट्री को लेकर भी बीसीसीआई के सूत्र ने अपने बयान में कहा कि चयन समिति को पूरा विश्वास है कि वैभव तैयार है लेकिन फिर आप संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की बात कर रहे हैं। ये तीनों ही टी20 वर्ल्ड में अच्छा प्रदर्शन किया है। अगर आप चौथा ओपनर रखते हैं तो यशस्वी जायसवाल भी इस रेस में शामिल हैं। वैभव की एंट्री के लिए यह इंग्लैंड-आयरलैंड का दौरा हो सकता है या फिर जिम्बाब्वे का। लेकिन सबसे अच्छा मंच उनके लिए एशियाई खेल या वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला हो सकती है क्योंकि ये दोनों ही इवेंट एक ही समय पर होंगे और इसलिए हमें दो टी20 टीम का चयन करना होगा। वैभव इन दोनों में से एक में शामिल हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें

Sanju Samson ICC Award: संजू सैमसन ने रचा इतिहास, ICC प्लेयर ऑफ द मंथ बनकर मचाया तहलका

Wisden Awards: मिचेल स्टार्क और दीप्ति शर्मा को अवार्ड, भारत के 4 और खिलाड़ी शामिल

Latest Cricket News