1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Asia Cup 2025: भारतीय स्क्वाड में शामिल इन बल्लेबाजों का है सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट, टॉप पर सूर्या नहीं ये खिलाड़ी

Asia Cup 2025: भारतीय स्क्वाड में शामिल इन बल्लेबाजों का है सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट, टॉप पर सूर्या नहीं ये खिलाड़ी

Asia Cup 2025: यूएई में खेले जाने वाले 9 सितंबर से टी20 एशिया कप के लिए भारतीय टीम के स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें कप्तानी की जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है।

Suryakumar Yadav And Abhishek Sharma- India TV Hindi
Image Source : GETTY सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आगामी टी20 एशिया कप 2025 के लिए 19 अगस्त को टीम इंडिया की स्क्वाड का ऐलान कर दिया। टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम के कई प्लेयर्स के नाम जहां पहले से तय थे तो कुछ के नामों को लेकर चर्चा काफी तेज चल रही थी। इसी में एक नाम टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का भी शामिल था, जिनको एशिया कप के लिए घोषित स्क्वाड में सिर्फ जगह ही नहीं मिली बल्कि उपकप्तान भी बनाया गया है। वहीं श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल जैसे धाकड़ प्लेयर्स को जगह नहीं मिली। टी20 फॉर्मेट में किसी भी बल्लेबाज के स्ट्राइक रेट को सबसे पहले देखा जाता है, ऐसे में एशिया कप में टीम इंडिया की स्क्वाड में शामिल बल्लेबाजों में किसका सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट है और किसका सबसे कम।

अभिषेक शर्मा स्ट्राइक रेट के मामले में पहले नंबर पर

टीम इंडिया के 24 साल के बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अभी इंटरनेशनल टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में पहले नंबर पर काबिज हैं। अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी के चलते विरोधी टीम के गेंदबाज मुकाबला शुरू होने से पहले ही काफी दबाव में दिखाई देते हैं। अभिषेक ने अब तक सिर्फ 17 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 535 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 193.85 का है, जिसमें अभिषेक का टीम इंडिया की एशिया कप स्क्वाड में शामिल सभी प्लेयर्स में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव का नाम है जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 167.08 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

रिंकू सिंह जिन्होंने काफी कम समय में टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है उनका बल्ले से स्ट्राइक रेट 161.07 का देखने को मिला है। वहीं तिलक वर्मा जो अब तक 25 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं उन्होंने 155.08 के स्ट्राइक रेट से 749 रन बनाए हैं।

शुभमन गिल स्ट्राइक रेट के मामले में सबसे निचले पायदान पर

एशिया कप 2025 में भारतीय टीम के उपकप्तान शुभमन गिल स्ट्राइक रेट के मामले में अन्य बल्लेबाजों के मुकाबले सबसे नीचे हैं। गिल ने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 21 टी20 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 30.42 के औसत से 578 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 139.28 का रहा है। इस मामले में संजू सैमसन, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या और जीतेश शर्मा से भी गिल नीचे हैं।

एशिया कप 2025 में टीम इंडिया की स्क्वाड में शामिल बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट

  • अभिषेक शर्मा - 193.85
  • सूर्यकुमार यादव - 167.08
  • रिंकू सिंह - 161.07
  • तिलक वर्मा - 155.08
  • संजू सैमसन - 152.39
  • जीतेश शर्मा - 147.06
  • हार्दिक पांड्या - 141.68
  • शिवम दुबे - 140.11
  • शुभमन गिल - 139.28

ये भी पढ़ें

 

टी20 एशिया कप में केवल दो ही बल्लेबाज लगा सके हैं सेंचुरी, एक तो विराट कोहली, दूसरा कौन?

विराट कोहली और रोहित शर्मा का नाम आईसीसी वनडे रैंकिंग से अचानक गायब, टॉप 100 से भी कर दिया बेदखल

Latest Cricket News