1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया ने ICC टी20 टीम रैंकिंग में हासिल की फिर नंबर-1 की पोजीशन, 15 दिनों में पलट दिया पूरा खेल

टीम इंडिया ने ICC टी20 टीम रैंकिंग में हासिल की फिर नंबर-1 की पोजीशन, 15 दिनों में पलट दिया पूरा खेल

भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को जीतने के साथ जहां सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है तो वहीं उन्होंने फिर से सिर्फ 15 दिनों के अंदर आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में नंबर-1 की पोजीशन पर फिर से कब्जा कर लिया है।

Indian Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AP भारतीय क्रिकेट टीम

भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को 90 रनों से अपने नाम करने के साथ सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया ने इसी के साथ आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में एकबार फिर से नंबर-1 की पोजीशन पर कब्जा कर लिया है, जिसे उन्होंने 15 दिन पहले इंग्लैंड के दौरे पर खेली गई टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में हार के साथ गंवा दिया था। अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया ने जहां टी20 में पहली सीरीज जीत हासिल की तो वहीं उन्होंने अपना खोया सम्मान भी वापस पा लिया है। ऐसे में अब भारतीय टीम की नजरें जिम्बाब्वे के खिलाफ आखिरी टी20 मुकाबले को भी जीतकर अपने अंतर को बढ़ाने की कोशिश करनी होगी।

इंग्लैंड पहुंची दूसरे नंबर पर

आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में जारी किए गए लेटेस्ट अपडेट को देखा जाए तो उसमें भारतीय टीम अब 268 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ पहले नंबर पर काबिज हो गई है। वहीं दूसरे नंबर पर अब इंग्लैंड की टीम है जिसके भी 268 रेटिंग प्वाइंट हैं, लेकिन दशमलव की गणना करने पर टीम इंडिया उनसे थोड़ा आगे है। ऐसे में भारतीय टीम के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज का आखिरी मुकाबला काफी अहम रहने वाला है जिसमें वह जीत हासिल करने के साथ अपने रेटिंग प्वाइंट को और सुधार सकते हैं। टी20 टीम रैंकिंग में बाकी किसी दूसरी टीम की स्थिति में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका की टीम तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर की पोजीशन पर है। वहीं पाकिस्तान की टीम 240 रेटिंग प्वाइंट के साथ छठे नंबर पर है।

Image Source : Screengrab/ICCआईसीसी टी20 टीम रैंकिंग

दूसरे टी20 मैच में दिखा ईशान किशन के बल्ले का कमाल

जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया को जीत दिलाने में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का अहम योगदान देखने को मिला, जिन्होंने सिर्फ 44 गेंदों में 9 चौके और दो छक्कों के दम पर 81 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसके अलावा उपकप्तान तिलक वर्मा जो पिछले काफी समय से खराब प्रदर्शन के चलते आलोचना का सामना कर रहे थे उनके बल्ले से भी 60 रनों की शानदार पारी देखने को मिली। अब दोनों टीमों के बीच में इस सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 26 जुलाई को हरारे के मैदान पर ही खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें

टीम इंडिया की प्लेइंग XI से बाहर होंगे प्रिंस यादव? कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे T20I से पहले दिया अपडेट

तिलक वर्मा या अभिषेक शर्मा नहीं, दूसरे टी20 मैच में यह धुरंधर बना भारत की जीत का हीरो, मिला POTM अवॉर्ड

Latest Cricket News