1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026 से 9 टीमों के प्लेयर्स को मिली टीम इंडिया के स्क्वाड में जगह, RCB से नहीं चुना गया एक भी खिलाड़ी

IPL 2026 से 9 टीमों के प्लेयर्स को मिली टीम इंडिया के स्क्वाड में जगह, RCB से नहीं चुना गया एक भी खिलाड़ी

बीसीसीआई की तरफ से आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने टी20 सीरीज के साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भी टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें आईपीएल 2026 के सीजन में खेलने वाली 9 टीमों के प्लेयर्स को जगह मिली है।

Indian Cricket Team And RCB- India TV Hindi
Image Source : भारतीय क्रिकेट टीम और आरसीबी AP

भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद अब इस फॉर्मेट में अपनी अगली सीरीज आयरलैंड के दौरे पर खेलनी है जहां 26 जून से दो मैचों की सीरीज खेली जाएगी, वहीं इसके बाद टीम इंडिया को एक जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। इन दोनों ही सीरीज के लिए और एशियन गेम्स 2026 को लेकर बीसीसीआई की तरफ से 6 जून को टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया, जिसमें कुछ बड़े बदलाव भी देखने को मिला और आईपीएल 2026 के सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी मौका मिला तो वहीं कुछ के हाथों मायूसी भी लगी। टीम इंडिया के स्क्वाड को देखा जाए तो उसमें 10 आईपीएल टीमों में से 9 टीमें ऐसी हैं जिनके कम से कम एक खिलाड़ी को भारतीय स्क्वाड में जगह मिली है तो वहीं एक टीम जिसके किसी भी खिलाड़ी को नहीं चुना गया वह लगातार दूसरी बार खिताब को अपने नाम करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है।

SRH के तीन प्लेयर्स तो वहीं 6 टीमों से 2-2 खिलाड़ियों को मिली जगह

टी20 सीरीज और एशियन गेम्स 2026 के लिए घोषित हुई भारतीय टीम के स्क्वाड में आईपीएल 2026 सीजन की टीमों से देखा जाए तो उसमें सबसे ज्यादा तीन प्लेयर्स सनराइजर्स हैदराबाद से चुने गए हैं, जिसमें अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और नितीश कुमार रेड्डी का नाम शामिल है। इसके अलावा 6 टीमें ऐसी हैं जिनके 2-2 प्लेयर्स को टीम इंडिया में जगह मिली है। पंजाब किंग्स से जहां नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर और अर्शदीप का नाम शामिल है तो वहीं राजस्थान रॉयल्स से वैभव सूर्यवंशी और रवि बिश्नोई को जगह मिली है। मुंबई इंडियंस से तिलक वर्मा जिनको उपकप्तान बनाया है जबकि जसप्रीत बुमराह का नाम है जो सिर्फ एशियन गेम्स का हिस्सा है। चेन्नई सुपर किंग्स से शिवम दुबे और संजू सैमसन को चुना गया है। गुजरात टाइटंस से मोहम्मद सिराज और वाशिंगटन सुंदर जगह मिली है। कोलकाता नाइट राइडर्स से वरुण चक्रवर्ती के साथ हर्षित राणा जो चोटिल होने की वजह से पिछले काफी लंबे समय से बाहर थे उनको जगह मिली है। दिल्ली कैपिटल्स से अक्षर पटेल जबकि लखनऊ सुपर जाएंट्स से तेज गेंदबाज प्रिंस यादव का नाम शामिल है।

आरसीबी से रजत पाटीदार को मौका मिलने की थी उम्मीद

आईपीएल 2026 के सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का मैदान पर शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें वह टाइटल को डिफेंड करने में भी कामयाब रहे। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने इस सीजन बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया जिसमें उन्होंने 15 मैचों में 501 रन बनाए थे और उनको भारतीय टी20 टीम में चुने जाने की उम्मीद लगाई जा रही थी, लेकिन ऐसा होते देखने को नहीं मिला। यहां तक कि श्रीलंका में 9 जून से खेली जाने वाली ए टीमों की वनडे ट्राई सीरीज में भी टीम इंडिया के स्क्वाड में आरसीबी का एक भी प्लेयर शामिल नहीं है।

ये भी पढ़ें

'उसने कभी हार नहीं मानी', सूर्यकुमार यादव की कप्तानी जाने पर बोले रोहित शर्मा

VIDEO: श्रेयस अय्यर के कप्तान बनने पर सूर्यकुमार यादव का आया बयान, रोहित शर्मा ने भी दी बधाई

Latest Cricket News