1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया ने जीत के साथ ग्रुप-ए की अंकतालिका में मचाई खलबली, ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर हासिल की नंबर-1 की पोजीशन

टीम इंडिया ने जीत के साथ ग्रुप-ए की अंकतालिका में मचाई खलबली, ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर हासिल की नंबर-1 की पोजीशन

ICC Womens T20 WC: भारतीय महिला टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन को नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में भी जारी रखते हुए 95 रनों से उसे अपने नाम किया और ग्रुप-ए की अंकतालिका में पहली पोजीशन पर कब्जा कर लिया है।

Indian Women Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AFP भारतीय महिला क्रिकेट टीम।

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 17 जून को हेडिंग्ले के मैदान पर खेले गए मुकाबले में ना सिर्फ जीत हासिल की बल्कि उसे 95 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम करने के साथ ग्रुप-ए की अंकतालिका में पहले नंबर पर कब्जा कर लिया है। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद उन्होंने नीदरलैंड्स की टीम को 114 रनों के स्कोर पर समेटने के साथ मैच को एकतरफा तरीके से जीता। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तानी महिला टीम को 64 रनों से मात दी थी।

भारतीय टीम बेहतर नेट रनरेट के आधार पर पहले नंबर पर

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इस बार कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिनको 6-6 के दो ग्रुपों में बांटा गया है और टीम इंडिया को ग्रुप-ए में जगह मिली है। भारतीय टीम ने अब तक इस ग्रुप-ए में दो मुकाबले खेले हैं और दोनों को अपने नाम करने के साथ उनके 4 अंक हैं और उनका नेट रनरेट 3.975 का है। वहीं इस ग्रुप में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम है जिनके भी 2 मुकाबलों में कुल 4 अंक हैं और उनका नेट रनरेट 3.875 का है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अगले तीन मुकाबले भी काफी अहम रहने वाले हैं। भारतीय टीम को अपना अगला मैच साउथ अफ्रीका महिला टीम से खेलना है जो अभी ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में सबसे अंतिम पायदान पर हैं। वहीं नीदरलैंड्स और पाकिस्तान की महिला टीम चौथे और पांचवें नंबर पर हैं जिसमें तीनों के अंकों का खाता नहीं खुला है। वहीं बांग्लादेश महिला टीम 2 मैचों में एक जीत और एक हार के बाद दो अंकों के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है।

ग्रुप-बी में इंग्लैंड टॉप पर, स्कॉटलैंड-वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच कड़ी टक्कर

अंकतालिका में ग्रुप-बी को लेकर बात की जाए तो उसमें मेजबान इंग्लैंड 2 मैच खेलने के बाद दोनों ही जीतने के साथ पहले नंबर पर मौजूद है जिसमें उनके 4 अंक हैं और नेट रनरेट 2.763 का है। वहीं दूसरे नंबर पर स्कॉटलैंड, तीसरे पर वेस्टइंडीज और चौथे पर श्रीलंका महिला टीम है जिसमें तीनों के 2-2 अंक हैं। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में इन तीनों टीमों के बीच सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए सबसे ज्यादा टक्कर देखने को मिल सकती है। डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड महिला टीम 2 मैच खेलने के बाद उन्होंने दोनों में हार का सामना किया है ऐसे में उनके लिए अब ग्रुप स्टेज से आगे का सफर काफी मुश्किल दिख रहा है जबकि अंतिम पायदान पर आयरलैंड महिला टीम है।

ये भी पढ़ें

IND vs NED: श्रेयंका पाटिल बीच मैच हुईं में बुरी तरह चोटिल, स्ट्रेचर पर लादकर मैदान से लेकर जाया गया बाहर

VIDEO: वैभव सूर्यवंशी फील्डिंग करते हुए मैदान पर बने सुपरमैन, अफगानिस्तान के खिलाफ पीछे मुड़ते हुए हवा में पकड़ा कैच

Latest Cricket News