A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 World Cup से पहले हरमनप्रीत ब्रिगेड के लिए रेड अलर्ट, ये आंकड़े देख चौंक जाएंगे आप

T20 World Cup से पहले हरमनप्रीत ब्रिगेड के लिए रेड अलर्ट, ये आंकड़े देख चौंक जाएंगे आप

Team India Record in Run Chase: वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय महिला टीम इन दिनों इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया 169 रन का टारगेट हासिल नहीं कर पाई।

Indian Womens Team- India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय महिला टीम

Team India Record in Run Chase: वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होने वाली है। इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले भारतीय महिला टीम इन दिनों इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के जरिए दोनों ही टीमें आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया के सामने 169 रन का टारगेट था जिसे वो हासिल नहीं कर पाई और उन्हें अंत में 26 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद एक ऐसा आंकड़ा सामने आया है, जिसे देखकर भारतीय टीम और उनके फैंस की टेंशन जरूर बढ़ गई होगी।

150+ रन चेज में टीम इंडिया का रिकॉर्ड रहा है खराब

साल 2022 से टी-20 इंटरनेशनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का रिकॉर्ड बड़े टारगेट का पीछा करते हुए काफी खराब रहा है। जब भी टीम इंडिया को 150 या उससे ज्यादा रनों का लक्ष्य मिला है, वह दबाव में बिखर गई है। पिछले 4 सालों में ऐसे 17 मुकाबलों में टीम इंडिया को सिर्फ 2 मैचों में जीत मिली, जबकि 15 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। यह आंकड़े साफ बताते हैं कि टीम बड़े स्कोर को चेज करने में बुरी तरह जूझ रही है, जो आगामी टी-20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम के लिए एक बहुत बड़ी चिंता की बात है।

दूसरे टी20 में टीम इंडिया को मिली हार

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में भारतीय महिला टीम को 26 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड ने 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए थे। जवाब में 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवरों में 9 विकेट पर 142 रन ही बना सकी। इस हार के साथ ही तीन मैचों की यह सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ गई है। अब सीरीज का तीसरा और आखिरी निर्णायक मुकाबला 2 जून को टॉन्टन के मैदान पर खेला जाएगा।

हार के बाद हरमनप्रीत ने क्या कहा?

दूसरे टी20 मैच में मिली हार के बाद कप्तान हरमनप्रीत ने कहा कि मुझे लगता है कि आखिरी के दो ओवरों में फ्रेया कैंप ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, वह मैच को हमसे दूर ले गई। हमें उनकी इस पारी की तारीफ करनी चाहिए। 168 रनों के टारगेट की बात करें तो, इसमें कोई शक नहीं है कि उन्होंने आखिरी ओवर में 10 से 15 रन ज्यादा बना लिए थे, लेकिन हमारी शुरुआत काफी अच्छी रही थी। लेकिन मिडिल ओवर्स में हम अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सके और वहां हमने काफी ज्यादा डॉट गेंदें खेली। इस वजह से हम अंत में हार गए।

यह भी पढ़ें

RCB vs GT फाइनल मैच में हुई बारिश तो कौन बनेगा चैंपियन? जानें क्या कहते हैं IPL के नियम

हरमनप्रीत कौर का नया कीर्तिमान, T20 इंटरनेशनल में छुआ 4 हजार रन का जादुई आंकड़ा

Latest Cricket News