आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा। मुंबई की हार के साथ ही उनकी टीम के ऊपर प्लेऑफ से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। मुंबई इंडियंस की हार के बाद टीम के कोच काफी ज्यादा नाराज नजर आए। दरअसल मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने एक बार फिर से डेथ ओवर में निराश किया। इसी कारण से टीम के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड भड़क गए।
MI ने यहां की गलती
शेन बॉन्ड ने लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ आखिरी ओवरों में अधिक रन लुटाने पर गेंदबाजी यूनिट पर निराशा जताते हुए कहा कि उनकी टीम बार-बार एक ही गलती को दोहरा रही है। मुंबई को मंगलवार को खेले गए मैच के आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन चाहिये थे लेकिन चोट से वापसी कर रहे बाए हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने शानदार गेंदबाजी कर लखनऊ को पांच रन से जीत दिला दी। लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम 17 ओवर में तीन विकेट पर 123 रन बनाकर रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थी लेकिन मुंबई ने आखिरी तीन ओवरों में 54 रन लुटा दिए। इस दौरान मुंबई के लिए 18वां ओवर में क्रिस जॉर्डन ने 24 रन, 19वें ओवर में जेसन बेहरेनडोर्फ ने 15 रन, 20वें ओवर में आकाश मधवाल ने 15 रन लुटाए।
क्या बोले कोच
बॉन्ड ने मैच के बाद कहा कि उनके लिए सबसे निराशाजनक बात यह है कि वह जिन योजनाओं के बारे में बात करते हैं, मैदान में उन पर टिके नहीं रहते है। मार्कस (स्टोइनिस) जैसे खिलाड़ियों के लिए हम इस विकेट पर क्या करना चाहते थे, इसे लेकर वह बहुत स्पष्ट थे। हमने उन्हें गेंदबाजी को लेकर योजना बनाई थी लेकिन इसके मुताबिक गेंदबाजी नहीं की गई। स्टोइनिस ने अपनी 47 गेंद की पारी में आठ छक्के जड़ नाबाद 89 रन बनाए। लखनऊ ने सातवें ओवर में 35 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। स्टोइनिस ने इसके बाद कप्तान क्रुणाल पांड्या (49 रन पर रिटायर हर्ट) के साथ चौथे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की।
बॉन्ड ने आगे कहा कि वह शुरुआती 15 ओवरों तक शानदार थे। वह जैसा चाहते थे, उन्होंने वैसी ही गेंदबाजी की थी। एक खिलाड़ी ने उन पर दबाव बना दिया। राशिद खान ने भी पिछले मैच में उनके साथ ऐसा ही किया था। वह हालांकि उस मैच हारे नहीं थे लेकिन इस मैच को हार गए। उन्होंने कहा कि आखिरी तीन ओवरों में 54 रन लुटाने को कही से भी सही नहीं कहा जा सकता है। मुंबई इंडियंस की टीम को प्लेऑफ में जाने के लिए अब अपना अगला मैच जीतना होगा। साथ ही अन्य टीमों के समीकरण पर भी निर्भर रहना होगा।
Latest Cricket News