1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. VIDEO: बाउंड्री पर दिखी हैरतअंगेज फील्डिंग, 2 फील्डरों ने मिलकर लपका करिश्माई कैच, हर कोई रह गया हैरान

VIDEO: बाउंड्री पर दिखी हैरतअंगेज फील्डिंग, 2 फील्डरों ने मिलकर लपका करिश्माई कैच, हर कोई रह गया हैरान

IPL 2025 के 13वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स 171 रन बनाने के बावजूद पंजाब से हार गई। पंजाब किंग्स ने 172 रनों का लक्ष्य 2 विकेट खोकर 17वें ओवर में हासिल कर लिया।

IPL 2025- India TV Hindi
Image Source : SCREENGRAB आयुष बडोनी और रवि बिश्नोई

IPL 2025 के 13वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) का आमना-सामना हुआ। इस मैच में लखनऊ की टीम भले ही जीत हासिल नहीं कर सकी लेकिन फील्डिंग के दौरान टीम के 2 खिलाड़ियों की जुगलबंदी ने दर्शकों को हैरान कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने अपने घर में 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 171 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जब पंजाब की पारी का आगाज हुआ तो खनऊ सुपर जायंट्स के दो युवा खिलाड़ी आयुष बडोनी और रवि बिश्नोई ने फील्डिंग में कमाल कर दिया। दोनों ने मिलकर एक अविश्वसनीय कैच पकड़ा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कमाल का कैच! 

आयुष बडोनी और रवि बिश्नोई की फील्डिंग में शानदार जुगलबंदी का ये अद्भुत नजारा पंजाब की पारी के 11वें ओवर में देखने को मिला। इस ओवर में दिग्वेश राठी गेंदबाजी करने आए। ओवर की पहली गेंद को प्रभसिमरन सिंह ने स्‍लॉग स्‍वीप किया। गेंद बल्ले से लगने के बाद डीप मिड विकेट की तरफ काफी ऊपर गई। वहां खड़े आयुष बडोनी ने कैच लेने की कोशिश की, लेकिन बैलेंस बिगड़ने के कारण वह  बाउंड्री के पार जाने लगे। तभी उन्होंने गजब की समझदारी दिखाते हुए गेंद को मैदान की तरफ हवा में उछाल दिया। इस दौरान डीप स्‍क्‍वायर लेग की ओर से आ रहे बिश्‍नोई ने बायीं ओर डाइव लगाते हुए करिश्माई कैच लपक लिया। इस कैच को देख हर कोई हैरान रह गया। एक पल के लिए किसी को समझ ही नहीं आया कि मैदान पर ये क्या हुआ। अब सोशल मीडिया पर ये कैच जमकर वायरल हो रहा है। 

पंजाब ने मारी बाजी

इस मैच की बात की जाए तो लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम पंजाब के खिलाफ 171 रनों के स्कोर का बचाव नहीं कर सकी। पंजाब किंग्स ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर 172 रनों का लक्ष्य 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पंजाब की ओर से सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने 34 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली। उन्हें इस शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। अय्यर ने नाबाद 52 रन बनाए जबकि नेहाल वढेरा ने 43 रनों की पारी खेली। नेहाल भी नाबाद लौटे। 

यह भी पढ़ें:

LSG की हार के बाद ऋषभ पंत ने बताया कहां हुई चूक, पिच को लेकर ये क्या कह दिया

RCB vs GT: बेंगलुरु या गुजरात कौन मारेगा बाजी, आंकड़ों के जरिए समझे सारा गणित

Latest Cricket News