IPL 2026 की शुरुआत से पहले ही बेंगलुरु का मशहूर एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम सुर्खियों में बना रहा। पहले यहां मैचों के आयोजन को लेकर सवाल उठे और अब नए विवाद ने स्टेडियम को फिर से चर्चा का विषय बना दिया है। अगर समय रहते यह विवाद नहीं सुलझा, तो इस ऐतिहासिक मैदान से IPL 2026 का फाइनल छिन सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु में हाल ही में सामने आए MLA टिकट विवाद के चलते स्थिति पेचीदा हो गई है। BCCI ने अभी तक प्लेऑफ और फाइनल के वेन्यू की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन परंपरा के अनुसार ये मुकाबले पिछले सीजन के फाइनलिस्ट टीमों के घरेलू मैदान पर खेले जाते हैं। इस हिसाब से IPL 2026 के प्लेऑफ मुकाबले पंजाब और कर्नाटक में होने की संभावना है, क्योंकि पिछली बार फाइनल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया था, जिसमें RCB ने अपना पहला खिताब जीता था। हालांकि ANI की रिपोर्ट कहती है कि अगर टिकट विवाद जारी रहता है, तो BCCI फाइनल को किसी दूसरे शहर में शिफ्ट कर सकता है।
रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से कहा गया कि IPL 2026 के प्लेऑफ और फाइनल के वेन्यू जल्द घोषित किए जाएंगे। इन मैचों को पंजाब और कर्नाटक में बांटा जा सकता है। आमतौर पर पिछली बार की विजेता टीम फाइनल होस्ट करती है, लेकिन बेंगलुरु में MLA टिकट विवाद समस्या पैदा कर रहा है। अगर इसका समाधान नहीं हुआ, तो BCCI फाइनल को किसी दूसरे शहर में स्थानांतरित कर सकता है।”
क्या है पूरा विवाद?
यह विवाद IPL 2026 के ओपनिंग मुकाबले यानी RCB बनाम SRH से पहले शुरू हुआ। कांग्रेस विधायक विजयानंद कशप्पनवर ने सुझाव दिया था कि हर MLA को कम से कम 5 IPL टिकट मिलने चाहिए, यह कहते हुए कि जनप्रतिनिधि VIP होते हैं और उन्हें टिकट के लिए लाइन में नहीं लगना चाहिए।
इसके बाद कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि MLA और MP को RCB मैचों के लिए तीन-तीन टिकट दिए जाएंगे। इस फैसले के बाद टिकटों के दुरुपयोग के आरोप लगे। हालांकि, कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि टिकट ऑनलाइन बुक होते हैं और उनका गलत इस्तेमाल नहीं होता। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ये टिकट नॉन-ट्रांसफरेबल हैं और आमतौर पर विधायक या उनके परिवार के सदस्य ही मैच देखने आते हैं।
RCB का शानदार प्रदर्शन जारी
मैदान के बाहर विवाद जरूर है, लेकिन मैदान के अंदररॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम ने अब तक 9 में से 6 मुकाबले जीतकर 12 पॉइंट के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल किया है। वे सिर्फ पंजाब किंग्स से पीछे हैं। बेंगलुरु की टीम अब 7 मई को अपना अगला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलेगी, जो लखनऊ के एकाना स्टेडियम में होगा।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान का विवादित गेंदबाज चला इंग्लैंड, इस मशहूर लीग में करेगा शिरकत
IPL 2026 में जसप्रीत बुमराह का क्यों है बुरा हाल? टीम इंडिया के पूर्व कोच ने बताई बड़ी वजह
Latest Cricket News