A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. राजस्थान रॉयल्स के लिए क्यों मुश्किल है ट्रॉफी जीतना? IPL में सिर्फ एकबार एलिमिनेटर खेलने वाली टीम बनी है विजेता

राजस्थान रॉयल्स के लिए क्यों मुश्किल है ट्रॉफी जीतना? IPL में सिर्फ एकबार एलिमिनेटर खेलने वाली टीम बनी है विजेता

राजस्थान रॉयल्स की टीम ने आईपीएल 2026 के सीजन में एलिमिनेटर मुकाबले में खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 47 रनों से जीत हासिल करने के साथ क्वालीफायर-2 के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। हालांकि अभी भी उनके लिए ट्रॉफी जीतना आसान नहीं है।

Rajasthan Royals- India TV Hindi
Image Source : AP राजस्थान रॉयल्स

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में अब सिर्फ दो मुकाबले खेले जाने बाकी हैं, जिसमें 29 मई को जहां क्वालीफायर-2 मैच गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच में खेला जाएगा। वहीं इस मैच को जीतने वाली टीम 31 मई को होने वाले फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम का सामना करेगी। खिताब जीतने की प्रबल दावेदारों में राजस्थान रॉयल्स का नाम भी शामिल हो गया है लेकिन ट्रॉफी जीतने की राह उनके भी आसान नहीं है क्योंकि अब तक आईपीएल के इतिहास में सिर्फ एकबार ही एलिमिनेटर मैच खेलने वाली टीम खिताब को जीतने में कामयाब हो सकी है।

क्या राजस्थान रॉयल्स कर पाएगी ये कमाल?

आईपीएल का साल 2008 में पहला सीजन खेला गया था, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने शेन वॉर्न की कप्तानी में ट्रॉफी को अपने नाम किया था। उसके बाद से अब तक वह दूसरी बार ये खिताब जीतने में कामयाब नहीं हो सकी है। हालांकि इस सीजन सभी को उनके प्रदर्शन और स्क्वाड को देखते हुए ट्रॉफी जीतने की उम्मीद है लेकिन इसके लिए राजस्थान रॉयल्स को बड़ा कमाल करना होगा। अब तक आईपीएल इतिहास में सिर्फ एकबार ऐसा हुआ है कि एलिमिनेटर मैच खेलने वाली टीम ने ट्रॉफी को जीता है जो साल 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने किया था। उन्होंने उस सीजन में एलिमिनेटर मैच में पहले केकेआर के खिलाफ जीत दर्ज की थी तो वहीं क्वालीफायर-2 में वह गुजरात लायंस को मात देने के साथ फाइनल में अपनी जगह पक्की करने में कामयाब हुए थे। खिताबी मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना आरसीबी से था और वह ये मैच 8 रनों से जीतने में कामयाब रहे थे।

अब राजस्थान रॉयल्स के सामने भी इसी इतिहास को दोहराने का मौका है, जिसके लिए उनकी राह आसान नहीं है। क्वालीफायर-2 मैच में उनका सामना गुजरात टाइटंस से होगा जिसमें यदि वह जीत हासिल करते हैं तो फिर फाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी का सामना करेंगे।

गुजरात टाइटंस के के खिलाफ नहीं है अच्छा रिकॉर्ड

राजस्थान रॉयल्स की टीम को अब क्वालीफायर-2 मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में 29 मई को गुजरात टाइटंस की टीम के खिलाफ खेलना है। आईपीएल में अब तक राजस्थान का गुजरात के खिलाफ हेड टू हेड रिकॉर्ड देखा जाए तो वह काफी अच्छा नहीं है, जिसमें उन्होंने 10 मुकाबले खेले हैं और उसमें से सिर्फ तीन को ही जीतने में कामयाब हो सके हैं और 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। आईपीएल 2026 के सीजन में दोनों टीमों के बीच में दो मुकाबले खेले गए जिसमें एक राजस्थान रॉयल्स की टीम जीतने में कामयाब रही तो एक मैच को गुजरात टाइटंस की टीम ने अपने नाम किया था।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी निकल गए बहुत आगे, आजू- बाजू भी नहीं कोई बल्लेबाज

आईपीएल में नहीं मिला एक भी मौका, जाते ही ठोक दी धमाकेदार सेंचुरी

Latest Cricket News