Mitchell Starc Record: सोमवार को भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच का आखिरी दिन था। इस मुकाबले में कई उतार चढ़ाव आए और आखिर में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। ये सब कुछ भारतीय समय अनुसार देर शाम को हुआ, लेकिन जब भारत में रात में लोग सो रहे थे, एक और मुकाबला जारी था, जिसमें एक तरह से रिकॉर्ड की झड़ी सी लग गई। ये था ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच का तीसरा मैच। जिसे ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम कर लिया। इस मैच में वैसे तो काफी कुछ हुआ, लेकिन मिचेल स्टार्क ने जिस तरह की घातक गेंदबाजी की, वो अपने आप में काबिलेतारीफ है। मिचेल स्टार्क ने जो कारनामा किया, वो 21वीं सदी में इरफान पठान के बाद कोई नहीं कर पाया था, लेकिन अब मिचेल स्टार्क ने करीब करीब वैसा ही काम करके दिखाया है।
मिचेल स्टार्क ने पहले ही ओवर में झटक लिए तीन विकेट
मिचेल स्टार्क ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले ही ओवर में कहर बरपा दिया। उन्होंने पहले ओवर की पहली ही बॉल पर विकेट लिया। इसके बाद तीन तीन बॉल पर उन्हें कोई विकेट तो नहीं मिला, लेकिन उन्होंने इस दौरान कोई रन भी नहीं दिया। इसके बाद आखिरी दो बॉल पर फिर से मिचेल स्टार्क ने बैक टू बैक दो विकेट लिए। यानी ओवर में बिना कोई रन दिए, उन्होंने तीन विकेट झटके और ये पहला ही ओवर था।
इरफान पठान ने पाकिस्तान के खिलाफ रचा था इतिहास
इससे पहले ये काम भारत के इरफान पठान ने पाकिस्तान के खिलाफ किया था। इरफान पठान ने साल 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ पाकिस्तान के कराची में पहले ओवर में ही हैट्रिक ले ली थी। ओवर की पहली तीन बॉल पर उन्होंने कोई रन नहीं दिया, लेकिन इसके बाद आखिरी तीन बॉल पर तीन विकेट लेकर इतिहास रच दिया था। उन्होंने ओवर में कोई रन दिए बगैर तीन विकेट अपने नाम किए थे। 21वीं सदी यानी साल 2000 के बाद दूसरी बार ही ऐसा कारनामा देखने के लिए मिला है।
स्कॉट बोलैंड ने ली मैच में हैट्रिक
इस मैच में जहां एक ओर मिचेल स्टार्क ने छह विकेट अपनी झोली में डाले, वहीं स्कॉट बोलैंड ने तो हैट्रिक ले डाली। मिचेल स्टार्क ने 7.3 ओवर में केवल 9 रन देकर 6 विकेट लिए। बात अगर बोलैंड की करें तो उन्होंने दो ओवर में दो रन देकर तीन विकेट ले लिए। यही वजह रही कि ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच को 176 रन के भारी अंतर से जीत लिया है। तीन मैचों की सीरीज में भी वेस्टइंडीज का पूरी तरह से सफाया हो गया है। हालांकि ये मैच मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड के लिए याद किया जाएगा।
Latest Cricket News