1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AFG: ईशान किशन ने वनडे में पूरे किए हजार रन, अफगानिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी खेलकर बनाई खास लिस्ट में जगह

IND vs AFG: ईशान किशन ने वनडे में पूरे किए हजार रन, अफगानिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी खेलकर बनाई खास लिस्ट में जगह

IND vs AFG: लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने अपनी शानदार शतकीय पारी के दम पर वनडे में अपने हजार रन पूरे कर लिए हैं।

Ishan Kishan- India TV Hindi
Image Source : PTI ईशान किशन

भारत और अफगानिस्तान की टीम के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में अफगानिस्तान टीम के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। भारतीय वनडे टीम में लंबे समय के बाद वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का पहले मैच में उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन देखने को नहीं मिला था, लेकिन दूसरे वनडे मुकाबले में उन्होंने अपने बल्ले का कमाल दिखाते हुए शतकीय पारी खेलने के साथ अपने हजार रनों का आंकड़ा भी पूरा कर लिया। इसी के साथ ईशान किशन वनडे में सबसे कम गेंदों में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

ईशान किशन ने 966 गेंदों में पूरे किए वनडे में हजार रन

टीम इंडिया की वनडे टीम से पिछले काफी लंबे समय से बाहर चल रहे ईशान किशन को टी20 इंटरनेशनल में शानदार प्रदर्शन के बाद लगभग तीन साल के बाद वनडे में मुकाबला खेलने का मौका मिला। धर्मशाला में खेले गए इस सीरीज के पहले मुकाबले में ईशान सिर्फ 34 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे, लेकिन लखनऊ में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे वनडे मैच में वह अपने बल्ले का कमाल दिखाने में कामयाब रहे। ईशान किशन ने इस मैच में वनडे में अपने एक हजार रनों का आंकड़ा पूरा कर लिया जिसके साथ ही वह इस मुकाम तक सबसे कम गेंदों में पहुंचने वाले छठे सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी हैं। भारत की तरफ से वनडे में सबसे कम गेंदों में एक हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड हार्दिक पांड्या के नाम पर है जिन्होंने सिर्फ 857 गेंदों में वनडे में अपने हजार रन पूरे किए थे।

वनडे में सबसे कम गेंदों में एक हजार रन पूरे करने वाले भारतीय खिलाड़ी

  • हार्दिक पांड्या - 857 गेंद
  • केदार जाधव - 936 गेंद
  • कपिल देव - 954 गेंद
  • शुभमन गिल - 954 गेंद
  • एमएस धोनी - 955 गेंद
  • ईशान किशन - 966 गेंद

ईशान ने सिर्फ 71 गेंदों में पूरा किया शतक, बने तीसरे सबसे तेज खिलाड़ी

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में ईशान किशन ने सिर्फ 71 गेंदों में अपना शतक पूरा करने के साथ ही एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। ईशान किशन अब वनडे में अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे कम गेंदों में शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर ईयोन मोर्गन का नाम है जिन्होंने 57 गेंदों में अपनी शतकीय पारी पूरी की थी। वहीं दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा का नाम है जो साल 2023 में 63 गेंदों में शतक लगाने में कामयाब हुए थे तो वहीं अब ईशान किशन इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। ईशान किशन के ये वनडे करियर का तीसरा शतक है।

वनडे में अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे कम गेंदों में शतक लगाने वाले खिलाड़ी

  • इयोन मोर्गन (इंग्लैंड) - 57 गेंदें (मैनचेस्टर साल 2019)
  • रोहित शर्मा (भारत) - 63 गेंदें (दिल्ली, साल 2023)
  • ईशान किशन (भारत) - 71 गेंदें (लखनऊ, साल 2026)
  • ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया) - 76 गेंदें (साल 2023, मुंबई)
  • शुभमन गिल - 77 गेंदें (साल 2026, लखनऊ)

ये भी पढ़ें

IND vs AFG: LSG के गेंदबाज का टीम इंडिया में डेब्यू, उप-कप्तान अय्यर ने सौंपी कैप

वेस्टइंडीज के टेस्ट स्क्वाड का ऐलान, एक साथ 2 गेंदबाजों का हुआ कमबैक, विकेटकीपर को भी आया बुलावा

Latest Cricket News