टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया का न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई 5 मैचों की टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें सबसे ज्यादा प्रभावित लंबे समय के बाद वापसी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने किया। इस सीरीज में ईशान किशन को नंबर-3 की पोजीशन पर तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी में खेलने को मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। ईशान के बल्ले से जहां इस सीरीज में 200 से अधिक रन देखने को मिले तो वहीं उन्होंने एक शतकीय और अर्धशतकीय पारी भी खेली। ईशान किशन को आखिरी मुकाबले में शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला जिसके बाद वर्ल्ड कप को लेकर उन्होंने अपनी प्लानिंग का भी खुलासा किया।
मेरा पूरा फोकस वर्ल्ड कप पर है
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला टीम इंडिया ने तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला, जिसमें भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 271 रनों का स्कोर बनाया। ईशान किशन जो नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे उन्होंने सिर्फ 43 गेंदों का सामना करते हुए 103 रनों की शानदार पारी खेली। ईशान को जब इस मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया तो उन्होंने अपने बयान में कहा कि मैं शुरू में थोड़ा संभलकर बल्लेबाजी कर रहा था, जिसमें अभिषेक शर्मा के साथ बल्लेबाजी करने में सच में काफी मदद मिली। आप उसका इरादा देखते हैं, आप समझते हैं कि टीम को किस मोमेंटम की ज़रूरत है, और फिर आप बस बॉल को देखकर उसके हिसाब से खेलने की कोशिश करते हैं। हम में से कोई भी पर्सनल माइलस्टोन की चिंता नहीं करता है और टीम की भी यही सोच है।
ईशान किशन ने आगे कहा कि अगर आप किसी माइलस्टोन के करीब भी हैं, तो इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। अगर आप उस समय पर सिंगल लेना शुरू कर देते हैं, तो बाद में आपको लग सकता है कि आपने बड़ा स्कोर बनाने का मौका गंवा दिया। इसलिए अगर बॉल मारने वाली है तो आपको उस पर शॉट लगाना ही होगा न कि पर्सनल माइलस्टोन पर फोकस करना। अब मेरा पूरा फोकस वर्ल्ड कप पर है। वहीं पर अधिक मेहनत की जरूरत है। जरूरी यह है कि इस फॉर्म को आगे ले जाया जाए और वहां भी योगदान देना जारी रखा जाए।
ईशान को मिल सकता है ओपनिंग करने का मौका
टीम इंडिया के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में जो एक चिंता की बात रही वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले संजू सैमसन का फॉर्म। इस सीरीज के सभी मैचों में बतौर ओपनर खेलने वाले संजू सैमसन 5 पारियों में सिर्फ 46 रन ही बना सके। वहीं आखिरी मैच में उनकी जगह पर विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ईशान किशन ने संभाली थी। ऐसे में आगामी टी20 वर्ल्ड कप में तिलक वर्मा की टीम इंडिया में वापसी के बाद उनका जहां नंबर-3 पर खेलना पक्का माना जा रहा है तो वहीं संजू सैमसन का बाहर होना तय माना जा सकता है, जिसमें इस स्थिति में ईशान किशन को अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने का मौका मिल सकता है।
ये भी पढ़ें
VIDEO: अभिषेक शर्मा ने लगाया ऐसा छक्का कि बदल गई गेंद की दशा, अंपायर को बदलनी पड़ी बॉल
IND vs NZ: ईशान किशन या अभिषेक शर्मा नहीं, इस भारतीय खिलाड़ी ने जीता प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड
Latest Cricket News