1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. VIDEO: ईशान ने गिल पर लगाया दोहरे शतक से चूकने का आरोप, कहा - 6 छक्के लगवाने के चक्कर में मेरे 70 रन कम करवा दिए

VIDEO: ईशान ने गिल पर लगाया दोहरे शतक से चूकने का आरोप, कहा - 6 छक्के लगवाने के चक्कर में मेरे 70 रन कम करवा दिए

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में शानदार 125 रनों शतकीय की पारी खेलने वाले ईशान किशन का वीडियो सामने आया है जिसमें वह मजाकिया अंदाज में दोहरे शतक से चूकने के पीछे शुभमन गिल को इसका दोषी ठहरा रहे हैं।

Ishan Kishan And Shubman Gill- India TV Hindi
Image Source : AP ईशान किशन और शुभमन गिल

अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला जो लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 17 जून को खेला गया उसे टीम इंडिया 170 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम करने में कामयाब रही, जिसके दम उन्होंने इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी हासिल कर ली है। इस मुकाबले में टीम इंडिया की तरफ से कप्तान शुभमन गिल ने जहां 154 रनों की पारी खेली तो वहीं ईशान किशन के बल्ले से भी 125 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी देखने को मिली। वहीं मुकाबले के बाद बीसीसीआई की तरफ से ईशान और गिल की बातचीत का एक वीडियो भी पोस्ट किया गया है जिसमें ईशान दोहरे शतक से चूकने के पीछे मजाकिया अंदाज में इसका आरोप गिल पर लगा रहे हैं जिनके उकसाने पर वह अपना विकेट गंवा बैठे।

मेरे 70 रन कम करा दिए

ईशान किशन जो लगभग तीन साल के बाद वनडे स्क्वाड में वापसी करने में कामयाब हुए हैं वह अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में काफी आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे, जिसमें शतक जड़ने के बाद पारी के 37वें ओवर में ईशान ने लगातार दो छक्के जड़ दिए थे। इसके बाद कप्तान गिल ने उनको ओवर में छह छक्के लगाने की कोशिश करने के लिए कहा। इसी के बाद ईशान अगली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। इसी को लेकर बीसीसीआई की तरफ से पोस्ट किए गए वीडियो में ईशान ने दोहरे शतक से चूकने के पीछे गिल को दोष दिया और मजाकिया अंदाज में कहा कि तुमने मेरे 70 रन कम करवा दिए। वहीं कप्तान गिल ने भी ईशान की इस बात का जवाब हंसते हुए देते हुए कहा कि तुझे वैसे भी मारना ही तो था तो ईशान ने कहा हां बिल्कुल 100 फीसदी।

मुझे 5-6 ओवर्स तक स्ट्राइक क्यों नहीं दी

शुभमन गिल और ईशान किशन जब दूसरे वनडे में साथ बल्लेबाजी कर रहे थे तो उस दौरान एक ऐसा समय आया कि 5-6 ओवर्स में गिल को काफी कम स्ट्राइक मिली। इसी को लेकर गिल ने इस वीडियो में ईशान किशन से पूछा कि मुझे 5-6 ओवर तक क्यों स्ट्राइक नहीं दी क्या ये प्लान था। इसको लेकर ईशान किशन ने कहा कि मेरा ये प्लान नहीं था कि मैं आपको स्ट्राइक नहीं दूं। मैं स्पिनर्स के खिलाफ बड़े शॉट्स खेलना चाहता था। बता दें कि इस मैच में दोनों के बीच में तीसरे विकेट के लिए 224 रनों की बड़ी साझेदारी देखने को मिली थी, जिसके दम पर टीम इंडिया ने 402 रनों का स्कोर बनाया था।

ये भी पढ़ें

दुनिया के बेहतरीन फील्डर ने बल्ले से जमाया रंग, पहली बार टेस्ट क्रिकेट में ठोकी सेंचुरी

गुरनूर ने बताया किस तरह खुद को इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए किया तैयार? कहा - मैं भारत की तरफ से खेलने से बहुत खुश हूं

Latest Cricket News