1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आईपीएल में घटिया प्रदर्शन के बाद इस खिलाड़ी को झटका, इंटरनेशनल टीम से भी हो गई छुट्टी

आईपीएल में घटिया प्रदर्शन के बाद इस खिलाड़ी को झटका, इंटरनेशनल टीम से भी हो गई छुट्टी

वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान हो गया है। इसमें जेक फ्रेजर-मैकगर्क को जगह नहीं दी गई है।

jake fraser-mcgurk- India TV Hindi
Image Source : GETTY जेक फ्रेजर-मैकगर्क

आईपीएल का समापन हो गया है। करीब 18 साल के इंतजार के बाद आखिरकार आरसीबी ने खिताब पर कब्जा कर लिया है। हालांकि पंजाब किंग्स का पहली बार ट्रॉफी जीतने का सपना अधूरा रह गया है। इस बीच अब खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने लगे हैं। हालांकि जिन खिलाड़ियों का प्रदर्शन आईपीएल में अच्छा नहीं रहा, उन्हें टीम में जगह नहीं मिल पा रही है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। 

ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच खेली जाएगी टी20 सीरीज, जेक फ्रेजर-मैकगर्क बाहर

ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जानी है। इसके लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टीम का ऐलान कर दिया है, लेकिन इसमें जेक फ्रेजर-मैकगर्क का नाम नहीं है। उन्हें उभरते हुए विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक माना जाता है, लेकिन इस बार के आईपीएल में वे बुरी तरह से फ्लॉप रहे, यहां तक कि उन्हें दिल्ली कैपिटलस की प्लेइंग इलेवन से भी बाहर कर दिया गया था, लेकिन अब उनकी छुट्टी ऑस्ट्रेलियाई टीम से भी हो गई है। 

जेक फ्रेजर-मैकगर्क के करियर पर संकट के बादल

जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने अभी कुछ ही वक्त पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था, लेकिन शुरुआत में ही उनके करियर पर संकट मंडराना शुरू हो गया है। वहीं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज के लिए मिचेल ओवन को मौका दिया है। उन्हें पहली बार टीम में जगह दी गई है। यानी उन्हें डेब्यू का मौका मिल सकता है। मार्कस स्टॉयनिस और जेवियर बार्टलेट भी टीम में नहीं हैं, वहीं कैमरून ग्रीन टीम में जगह बनाने में कामयाब हो गए हैं। कैमरून ग्रीन केवल बल्लेबाजी करेंगे, चोटिल होने के बाद वे आने वाले कुछ और वक्त तक गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे, ऐसा एहतियात के तौर पर किया गया है। 

जोश हेजलवुड को नहीं मिल पा रहा आराम का वक्त

इस बीच टीम में जोश हेजलवुड को भी टीम में जगह दी गई है। वे अभी अभी आईपीएल में आरसीबी की ओर से खेलकर खाली हुए हैं। अब 11 जून से वे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलेंगे, वहीं इसके बाद वे वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज का भी हिस्सा हैं, उन्हें बिल्कुल भी आराम नहीं मिल पा रहा है। उनके लिए बैक टू बैक मैच लगे हुए हैं। 

मैकगर्क के अब तक ऐसे हैं आंकड़े

जैक फ्रेजर-मैकगर्क के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अब तक सात टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, इसके उनके बल्ले से केवल 112 रन ही आए हैं। वे केवल एक ही अर्धशतक लगा पाए हैं। उनका औसत केवल 16 के करीब का है। यानी वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। आईपीएल में इस साल दिल्ली कैपिटलस के लिए 6 मैच खेलते हुए उन्होंने केवल 55 रन बनाए और औसत महज 9.16 का ही रहा। ऐसे में उनका टीम से बाहर होना करीब करीब पक्का था। 

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, आरोन हार्डी, जोश हेजलवुड, जोश इंगलिस, स्पेंसर जॉनसन, मैट कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मिच ओवेन, मैथ्यू शॉर्ट, एडम जेम्पा। 

Latest Cricket News