IPL 2026 से पहले आई बड़ी खबर, CSK ने धाकड़ अंग्रेज को अपने खेमे में किया शामिल
IPL 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने बड़ा फैसला लिया है। CSK ने इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर को अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल किया है।
IPL 2026 से चेन्नई सुपर किंग्स यानी CSK ने बड़ा कदम उठाया है। इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज जेम्स फोस्टर CSK टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने जा रहे हैं। उन्हें फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है। यह कदम CSK के लिए खास महत्व रखता है क्योंकि पिछले सीजन टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही थी और अब वे मजबूत वापसी के इरादे से तैयार हैं। 45 साल के फोस्टर ने 2001 से 2009 के बीच इंग्लैंड के लिए 7 टेस्ट, 11 ODI और 5 T20 इंटरनेशनल मैच खेले। उन्हें इस महीने के अंत तक अपनी नई भूमिका संभालने की उम्मीद है।
CSK के CEO कासी विश्वनाथन ने कहा कि हम फील्डिंग कोच की तलाश में थे। उन्हें उम्मीद है कि फोस्टर जल्दी ही हमारे साथ जुड़ेंगे। फोस्टर इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स यानी KKR के फील्डिंग कोच रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने डेजर्ट वाइपर्स, नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स और पेशावर जल्मी जैसी फ्रेंचाइजी के साथ भी काम किया है।
CSK कोचिंग स्टाफ
CSK के कोचिंग स्टाफ में मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग के अलावा बैटिंग कोच माइक हसी, बॉलिंग कोच एरिक साइमन्स, असिस्टेंट बॉलिंग कोच श्रीधरन श्रीराम शामिल हैं। कोंचिंग स्टाफ में पहले से ही फील्डिंग कोच राजीव कुमार भी शामिल हैं। वहीं, टीम मैनेजर की जिम्मेदारी रसेल राधाकृष्णन संभाल रहे हैं। बता दें, CSK ने अपने भारतीय खिलाड़ियों के लिए प्री-सीजन कैम्प शुरू कर दिया है। एमएस धोनी और आयुष म्हात्रे जैसे कई घरेलू खिलाड़ी कैम्प में हिस्सा ले रहे हैं। CSK फ्रेंचाइजी के हाई-परफॉर्मेंस सेंटर में आगामी सीजन की तैयारी कर रही है। भारतीय टीम में शामिल संजू सैमसन और शिवम दुबे कैम्प में बाद में शामिल होंगे। इसी तरह श्रेयस गोपाल भी कैम्प में शामिल होंगे।
मजबूत वापसी के लिए बेताब टीम
CSK पांच बार की IPL चैंपियन रही है, लेकिन पिछले सीजन में केवल 14 मैचों में 4 जीत के साथ टेबल के सबसे निचले स्थान पर रही। वापसी के इरादे से टीम ने राजस्थान रॉयल्स के साथ एक ब्लॉकबस्टर ट्रेड किया। उन्होंने संजू सैमसन को टीम में शामिल किया। सैमसन ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया था और वह अब क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें:
IND vs ENG: सेमीफाइनल से पहले वरुण और अभिषेक की फॉर्म पर उठे सवाल, तो कोच ने दिया बेबाक जवाब
IND vs ENG: क्या बारिश बिगाड़ेगी भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल का रोमांच? जानिए मुंबई में कैसा रहेगा मौसम
